Advertisement
23 January 2022

इंडिया गेट पर पीएम मोदी ने किया नेताजी की होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण, कहा- ऐतिहासिक दिन

ANI

इंडिया गेट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण किया। पीएम मोदी ने कहा कि ये दिन ऐतिहासिक है। ये कालखंड भी ऐतिहासिक है। और ये स्थान जहां हम सब एकत्रित है, वो भी ऐतिहासिक है। भारत के लोकतंत्र के प्रतीक हमारी संसद पास में है। हमारी क्रियाशीलता और लोकनिष्ठा के प्रतीक अनेक भवन भी पास हैं। हमारे शहीदों को समर्पित नेशनल वॉर मेमोरियल भी पास है।

पीएम ने कहा कि नेताजी, जिन्होंने हमें स्वाधीन और समप्रभु भारत का विश्वास दिलाया था, जिन्होंने बड़े गर्व, आत्मविश्वास और साहस के साथ अंग्रेजों के सामने कहा था कि मैं स्वतंत्रता की भीख नहीं लूंगा, मैं इसे हासिल करूंगा. जिन्होंने भारत की धरती पर पहली आजाद सरकार का स्थापित किया, हमारे उन नेताजी की भव्य प्रतिमा डिजिटल स्वरूप में इंडिया गेट पर स्थापित हो रही है। जल्द ही इस होलोग्राम की जगह ग्रेनाइट की प्रतिमा लेगी। ये प्रतिमा आजादी के महानायक को कृतज्ञ राष्ट्र की श्रद्धांजलि है। नेताजी सुभाष की ये प्रतिमा हमारी लोकतांत्रिक संस्थाओं को, हमारी पीढ़ियों को राष्ट्रीय कर्तव्य का बोध कराएगी. आने वाली और वर्तमान पीढ़ी को निरंतर प्रेरणा देती रहे।

नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आज 125वीं जयंती है। 23 जनवरी 1897 को ओडिशा के कटक में एक बांग्ला परिवार में जन्मे सुभाष अपने देश के लिए हर हाल में आजादी चाहते थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन देश के नाम कर दिया और अंतिम सांस तक देश की आजादी के लिए संघर्ष करते रहे। आज देशवासी कृतज्ञतापूर्वक उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। पीएम मोदी ने इसके बाद स्थापना समारोह में वर्ष 2019, 2020, 2021 और 2022 के लिए सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार भी प्रदान किए। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: PM Modi, hologram, statue, Netaji, India Gate
OUTLOOK 23 January, 2022
Advertisement