Advertisement
12 May 2020

मोदी ने 20 लाख करोड़ के राहत पैकेज का किया ऐलान, नए नियमों से लागू होगा लॉकडाउन-4

PMO

प्रधाननमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलावार को देश को संबोधित करते हुए 20 लाख करोड़ रुपये के आर्थिक पैकेज का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि ये आर्थिक पैकेज, आत्मनिर्भर भारत अभियान की अहम कड़ी के तौर पर काम करेगा। पीएम ने कहा कि हाल में सरकार ने कोरोना संकट से जुड़ी जो आर्थिक घोषणाएं की थीं, जो रिजर्व बैंक के फैसले थे, और आज जिस आर्थिक पैकेज का ऐलान हो रहा है, उसे जोड़ दें तो ये करीब-करीब 20 लाख करोड़ रुपये का है। ये पैकेज भारत की जीडीपी  का करीब-करीब 10 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बुधवार से अगले कुछ दिनों तक चरण-दर-चरण तरीके से पैकेज का विस्तृत ब्यौरा देश के सामने रखेंगी।

पीएम मोदी ने कहा कि लॉकडाउन का चौथा चरण, लॉकडाउन-4, पूरी तरह नए रंग रूप वाला होगा, नए नियमों वाला होगा। राज्यों से हमें जो सुझाव मिल रहे हैं, उनके आधार पर लॉकडाउन 4 से जुड़ी जानकारी भी आपको 18 मई से पहले दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा भरोसा है कि नियमों का पालन करते हुए हम कोरोना वायरस से लड़ेंगे भी और आगे भी बढ़ेंगे।

पैकेज मजदूर और किसान के लिए है

Advertisement

पीएम ने कहा कि आर्थिक पैकेज देश के उस श्रमिक के लिए है, देश के उस किसान के लिए है जो हर स्थिति, हर मौसम में देशवासियों के लिए दिन रात परिश्रम कर रहा है। ये पैकेज हमारे देश के मध्यम वर्ग के लिए है, जो ईमानदारी से टैक्स देता है, देश के विकास में अपना योगदान देता है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सिद्ध करने के लिए, इस पैकेज में लैंड, लेबर, लिक्विडिटी और कानून सभी पर बल दिया गया है। ये पैकेज कुटीर उद्योग, गृह उद्योग, हमारे लघु-मंझोले उद्योग, एसएसएसईके लिए है, जो करोड़ों लोगों की आजीविका का साधन है, जो आत्मनिर्भर भारत के हमारे संकल्प का मजबूत आधार है। पीएम ने कहा कि आत्मनिर्भरता, आत्मबल और आत्मविश्वास से ही संभव है। आत्मनिर्भरता, ग्लोबल सप्लाई चेन में कड़ी स्पर्धा के लिए भी देश को तैयार करती है।

मिलेगी आत्मनिर्भर अभियान को गति

पीएम मोदी ने कहा कि इन सबके जरिए देश के विभिन्न वर्गों को, आर्थिक व्यवस्था की कड़ियों को, 20 लाख करोड़ रुपये का संबल मिलेगा, सपोर्ट मिलेगा. 20 लाख करोड़ रुपए का ये पैकेज, 2020 में देश की विकास यात्रा को, आत्मनिर्भर भारत अभियान को एक नई गति देगा। उन्होंने कहा कि विश्व के सामने भारत का मूलभूत चिंतन, आशा की किरण नजर आता है। भारत की संस्कृति, भारत के संस्कार, उस आत्मनिर्भरता की बात करते हैं जिसकी आत्मा वसुधैव कुटुंबकम है। पीएम ने कहा कि भारत जब आत्मनिर्भरता की बात करता है, तो आत्मकेंद्रित व्यवस्था की वकालत नहीं करता. भारत की आत्मनिर्भरता में संसार के सुख,सहयोग और शांति की चिंता होती है। इसके साथ ही हमें सशक्त भी करती है। 21 वीं सदी के भारत इसी दायित्व से पूरा होगा।

अर्थव्यवस्था में पांच पिलर्स की अहम भूमिका

पीएम मोदी ने देश की अर्थव्यवस्था में उछाल लाने के लिए पांच पिलर्स का जिक्र करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत की ये भव्य इमारत इन पिलर्स पर खड़ी होगी। ये पिलर्स हैं इकॉनोमी, इंफ्रास्ट्रक्चर, सिस्टम, डेमोग्राफी और डिमांड हैं। इनसे जहां अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ेगी तो आधुनिक भारत को पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि हमारी अर्थव्यवस्था में डिमांड और सप्लाई चेन का जो चक्र है, जो ताकत है, उसे पूरी क्षमता से इस्तेमाल किए जाने की जरूरत है।

टूटना-बिखरना मंजूर नहीं है

मोदी ने कहा कि कोरोना संक्रमण से मुकाबला करते हुए दुनिया को अब चार महीने से ज्यादा हो रहे हैं। थकना, हारना, टूटना-बिखरना, मानव को मंजूर नहीं है। सतर्क रहते हुए, ऐसी जंग के सभी नियमों का पालन करते हुए, अब हमें बचना भी है और आगे भी बढ़ना है। उन्होंने कहा कि एक वायरस ने दुनिया को तहस-नहस कर दिया है।

अहम मोड़ पर खड़े हैं

उन्होंने कहा कि एक राष्ट्र के रूप में आज हम एक बहुत ही अहम मोड़ पर खड़े हैं।  इतनी बड़ी आपदा, भारत के लिए एक संकेत लेकर आई है, एक संदेश लेकर आई है, एक अवसर लेकर आई है। पीएम ने कहा कि जब कोरोना संकट शुरु हुआ, तब भारत में एक भी पीपीई  किट नहीं बनती थी। एन-95 मास्क का भारत में नाममात्र उत्पादन होता था. आज स्थिति ये है कि भारत में ही हर रोज 2 लाख PPE और 2 लाख एन-95 मास्क बनाए जा रहे हैं।

लॉकडाउन के तीसरे चरण की मियाद 17 को पूरी हो रही है। कोरोना और लॉकडाउन को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी ने सोमवार को देश के सभी मुख्यमंत्रियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात की थी। इस दौरान कई मुख्यमंत्रियों ने लॉकडाउन आगे बढ़ाने की वकालत की थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Prime, Minister, Narendra Modi, addresses, country, amid, lockdown, Corona, epidemic
OUTLOOK 12 May, 2020
Advertisement