Advertisement
10 June 2022

पैगंबर मोहम्मद विवादः जुमे की नमाज के बाद देशभर के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन और पथराव, रांची में कर्फ्यू, पश्चिम बंगाल और जम्मू-कश्मीर में इंटरनेट बंद

ANI

पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ विवादित टिप्पणी को लेकर जुमे की नमाज के बाद देश के कई हिस्सों में बवाल हुआ। यूपी के लखनऊ, प्रयागराज सहारनपुर और देवबंद में विरोध प्रदर्शन हुआ। प्रयागराज और सहारनपुर में हिंसा और नारेबाजी की घटनाएं सामने आईं है। प्रयागराज में पथराव हुआ। प्रदर्शकारियों को काबू में लाने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले भी छोड़े और फायरिंग तक करनी पड़ी। दिल्ली के जामा मस्जिद औरर कोलकाता  में  जमकर विरोध प्रदर्शन हुआ।. हावड़ा में भी प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया। इसके बाद पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।

वहीं, कश्मीर के कुछ हिस्सों में पैगंबर मुहम्मद के खिलाफ विवादास्पद टिप्पणी को लेकर बंद रहा। एहतियात के तौर पर भद्रवाह और किश्तवाड़ कस्बों और कश्मीर के श्रीनगर शहर में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं। पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी के विरोध के बीच पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में 13 जून को सुबह 6 बजे तक इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं।

प्रयागराज के अटाला इलाके में जुमे की नमाज के बाद इन लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया और नारेबादी की। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। मुस्लिम समुदाय के लोग सड़क पर उतर गए, जिसके बाद पुलिस को भी हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, प्रदर्शनकारियों को काबू में लाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। सहारनपुर में प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की। इसी तरह के मामले मुरादाबाद और लखनऊ से सामने आए।

Advertisement

हिंसक प्रदर्शनों के बीच सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जहां-जहां शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश हो रही है, वहां कड़ी कार्रवाई की जाए, सुरक्षा व्यवस्था से कही भी कोई खिलवाड़ ना करे ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, सभी स्थानों की कड़ी मॉनिटरिंग की जाए।

रांची में विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया। वाहनों में आग लगा दी गई और तोड़फोड़ की गई और पथराव हुआ। पथराव और आगजनी के बाद प्रशासन ने पूरे रांची शहर में ही कर्फ्यू लगाने का ऐलान कर दिया है। मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात है। डीएम ने अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान ना दिया जाए।

भाजपा की निलंबित नेता नुपुर शर्मा के विवादित बयान के खिलाफ नवी मुंबई में महिलाओं ने विरोध मार्च निकाला। ठाणे, औरंगाबाद, सोलापुर, नंदुरबार, परभणी, बीड, लातूर, भंडारा, चंद्रपुर और पुणे जिलों में भी इसी तरह के विरोध सभाएं या मार्च निकाले गए।

जामा मस्जिद में प्रदर्शनकारियों ने  जमकर नारेबाजी की। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अब स्थिति काबू में है. जामा मस्जिद के शाही इमाम का कहना है कि उन्हें इस विरोध प्रदर्शन के बारे में कुछ पता नहीं है। न ही मस्जिद की ओर से कोई विरोध प्रदर्शन बुलाया गया था।

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में भी कुछ जगहों पर नूपुर शर्मा, राजा सिंह और अन्य के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। हैदराबाद के मक्का मस्जिद, चार मीनार, अजीजिया मस्जिद, हुमायूं नगर, मस्जिद ए कुबा, वादी ए मुस्तफा, मस्जिद ए सैयदना ओमर फारूक, चंद्रयानगुट्टा और अन्य स्थानों पर बड़ी संख्या में लोगों ने विराध जताया। 

पश्चिम बंगाल: भाजपा से निलंबित नेता नुपुर शर्मा और निष्कासित भाजपा नेता नवीन कुमार जिंदल की विवादित टिप्पणी के विरोध में हावड़ा में भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने हावड़ा-खड़गपुर रेल मार्ग पर दासनगर रेलवे स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन किया। कर्नाटक में निलंबित भाजपा नेता नुपुर शर्मा की विवादित टिप्पणी के खिलाफ रजा अकादमी ने कलबुर्गी के मुस्लिम चौक पर प्रदर्शन किया।

बता दें कि एक टीवी डिबेट में नुपूर शर्मा ने कथित तौर पर पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी कर दी थी। वहीं नवीन कुमार जिंदल ने एकविवादित ट्वीट किया था। जिसके बाद नूपुर शर्मा को बीजेपी से निलंबित कर दिया गया और नवीन कुमार जिंदल को निष्कासित कर दिया गया है।

 ।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 10 June, 2022
Advertisement