Advertisement
01 June 2025

पंजाब: भाजपा ने भगवंत मान सरकार को घेरा, कहा 'आप' सभी मोर्चों पर विफल, लोग अभी भी नशे से मर रहे

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने रविवार को आरोप लगाया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार सभी मोर्चों पर पूरी तरह विफल रही है।

चुघ ने यह टिप्पणी लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवार जीवन गुप्ता के पक्ष में प्रचार करते हुए की।जनवरी में आप विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी के निधन के बाद यह सीट खाली हो गई थी।

इस सीट के लिए उपचुनाव 19 जून को होगा और मतगणना 23 जून को होगी।मीडिया से बात करते हुए चुघ ने आरोप लगाया कि पंजाब इस समय आप के "अराजक और दिशाहीन शासन" से "पीड़ित" है। चुघ ने आरोप लगाया, "पंजाब गंभीर कानून-व्यवस्था संकट का सामना कर रहा है और पूर्ण वित्तीय कुप्रबंधन के कारण राज्य 4 लाख करोड़ रुपये से अधिक के कर्ज में डूबा हुआ है।"

Advertisement

चुघ ने दावा किया कि लुधियाना, जिसे कभी एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र माना जाता था, आज खस्ताहाल बुनियादी ढांचे, संगठित अपराध में वृद्धि और नशीली दवाओं के दुरुपयोग से ग्रस्त है।

उन्होंने आरोप लगाया, "निवेशक अन्य राज्यों की ओर भाग रहे हैं, जबकि युवा आप के रोजगार और समृद्धि के खोखले वादों से ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।"

भाजपा नेता ने कहा कि आप सरकार राज्य के लिए कुछ नहीं कर सकी। उन्होंने भगवंत मान सरकार को प्रत्येक महिला को 1,000 रुपये प्रति माह देने के उसके "अधूरे" वादे की याद दिलाई।उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘आप सरकार राज्य में सभी मोर्चों पर पूरी तरह विफल रही है।’’

 

भाजपा नेता ने भगवंत मान सरकार पर नशा विरोधी अभियान में विफल रहने का आरोप लगाया और दावा किया कि राज्य में लोग अभी भी "नशे की वजह से मर रहे हैं"।उन्होंने कहा, "मैं भगवंत मान से पूछना चाहता हूं कि 31 मई 'युद्ध नाशियां विरुद्ध' के तहत राज्य से नशे के खात्मे का आखिरी दिन था। लेकिन आज भी लोग नशे से मर रहे हैं। क्या यह फर्जी अभियान था? हम इस मुद्दे पर राज्य सरकार की नाकामी को उजागर करेंगे।"

चुघ ने मान को पार्टी और उसके सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल की "कठपुतली" कहा।उन्होंने कहा, ‘‘जिस तरह दिल्ली के लोगों ने केजरीवाल को नकार दिया, उसी तरह पंजाब के लोग 2027 में भगवंत मान के साथ भी ऐसा ही करेंगे।’’

भाजपा उम्मीदवार गुप्ता ने कहा कि पंजाब में व्यापारी समुदाय मान के शासन में विशेष रूप से पीड़ित है, "एक स्पष्ट, सुसंगत औद्योगिक नीति के अभाव के कारण।" उन्होंने कहा कि जनता के समर्थन से, वह हर उस आवाज को बुलंद करेंगे, जिसे आप ने पंजाब में "खामोश" कर दिया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Punjab: 'AAP failed on all fronts, people still dying of drugs, ' says BJP, aam Aadmi party, bhagwant man,
OUTLOOK 01 June, 2025
Advertisement