Advertisement
08 September 2016

रेल किरायों में सर्ज प्राइसिंग को कांग्रेस ने लूट बताया, वापस लेने की मांग

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने ट्वीट कर कहा, ट्रेन की रफ्तार बढ़े या ना बढ़े, मोदी जी ने किरायों की रफ्तार बढ़ा दी है। मोदी जी का मॉडल है- आम जनता से लूट, कुछ उद्योगपति दोस्तों को छूट।

पार्टी प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने भी रेल किरायों में मांग के साथ वृद्धि के निर्णय को तत्काल वापस लेने की मांग की। उन्होंने इस निर्णय को देशवासियों के लिए झटका बताया जो पहले ही त्यौहारी मौसम से पूर्व महंगाई की समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा, त्यौहारी मौसम में रेलवे की सर्ज प्राइसिंग की नीति भारत को मोदी सरकार की अप्रिय भेंट है। कांग्रेस इस निर्णय को तत्काल वापस लेने की मांग करती है।

इस निर्णय को कठोर बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे आम आदमी बुरी प्रभावित होगा। कांग्रेस नेता ने साथ ही कहा कि उबर और ओला कैब के मामलों में दिल्ली उच्च न्यायालय ने पहले ही सर्ज प्राइसिंग की पूरी अवधारणा को मनमाना और उपभोक्ताओं पर बहुत अधिक भार डालने वाला बताते हुए निरस्त कर दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने भारत के लोगों के पाॅकेट से रूपये चुराने के लक्ष्य के साथ अवैध मुनाफाखारी की इस नीति को अपनाया है।

TAGS: कांग्रेस, रेल किरायों, वृद्धि, सर्ज प्राइसिंग, उपाध्यक्ष, राहुल गांधी, प्रधानमंत्री, नरेंद्र मोदी, Rahul Gandhi, roll back, surge pricing, rail tickets
OUTLOOK 08 September, 2016
Advertisement