Advertisement
01 September 2018

राहुल की मानसरोवर यात्रा का आज दूसरा दिन, संस्कृत में ट्वीट किया ये श्लोक

File Photo

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की कैलाश मानसरोवर यात्रा का दूसरा दिन है। देर रात खबर आई की राहुल नेपाल की राजधानी काठमांडू पहुंचे हैं। नेपाली मीडिया के अनुसार, कांग्रेस प्रमुख दोपहर करीब दो बजे काठमांडू हवाई अड्डे पर उतरे और एक होटल में चले गए। राहुल गांधी उस दिन नेपाल पहुंचे हैं जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चौथे बिम्सटेक सम्मेलन में भाग लेने के बाद स्वदेश लौट गए हैं।

राहुल ने संस्कृत में किया ट्वीट

राहुल ने शुक्रवार को  यात्रा पर रवाना होने से पहले एक बेहद खूबसूरत तस्वीर के साथ संस्कृत में श्लोक ट्वीट किया। उन्होंने कहा, “ॐ असतो मा सद्गमय, तमसो मा ज्योतिर्गमय, मृत्योर्मामृतम् गमय, ॐ शान्ति: शान्ति: शान्ति:”।

Advertisement

कांग्रेस अध्यक्ष ने जताई थी मानसरोवर यात्रा की इच्छा

राहुल का विमान कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गया था, जिसके बाद अप्रैल में उन्होंने इस तीर्थयात्रा पर जाने की इच्छा जताई थी। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने बताया कि इस तीर्थयात्रा का उद्देश्य देश और उसके लोगों की समृद्धि और सफलता के लिए भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करना है। यह यात्रा करीब 12 दिन में पूरी होगी।

एक बेस कैंप में ही रुकेंगे राहुल गांधी

मानसरोवर की ऊंचाई समुद्र तल से करीब 15,060 फुट तक है। राहुल गांधी वहां पर एक बेस कैंप में ही रुकेंगे। बताया जा रहा है कि राहुल की यह यात्रा 12 दिनों की होगी। उम्मीद जताई जा रही है कि राहुल 12 सितंबर को यात्रा से वापस लौटेंगे।

राहुल गांधी ने कर्नाटक चुनावों के दौरान अपने विमान में आई गड़बड़ी के समय कैलाश मानसरोवर की यात्रा का संकल्‍पप ‌लिया था। राहुल गांधी की मंदिर, मठों और धार्मिक स्थलों की यात्रा की सॉफ्ट हिंदुत्व का नाम दिया जा रहा है। 

भाजपा ने राहुल की मानसरोवर यात्रा को लेकर साधा निशाना

भाजपा ने राहुल की इस यात्रा पर निशाना साधा है। बीजेपी नेता और राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यन स्वामी ने कहा है कि राहुल गांधी को घोषणा करनी होगी कि वह हिंदू हैं तभी यात्रा पर जा पाएंगे। 

वहीं, कैलाश मानसरोवर दौरे को लेकर भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने बड़ा बयान दिया है। पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी को चीन जाने का जुनून है। इतना ही नहीं पात्रा ने ये भी कहा कि राहुल गांधी हमेशा सब कुछ चीन के दृष्टिकोण से प्राप्त करना चाहते हैं। संबित पात्रा ने आगे कहा कि राहुल गांधी भारतीय परिप्रेक्ष्य क्यों नहीं चाहते हैं, चीन में ऐसे कौन से राजनेता हैं जिनसे राहुल गांधी मिलते है।

दिल्ली में जन आक्रोश रैली के दौरान राहुल गांधी ने की थी इस यात्रा की घोषणा

29 अप्रैल को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित जन आक्रोश रैली के दौरान राहुल गांधी ने इसकी घोषणा की थी। खुद को शिवभक्त बताते हुए राहुल गांधी ने कहा था कि वह कर्नाटक जाने के दौरान उनका प्लेन अचानक से 8 हजार फुट नीचे गया। राहुल ने कहा, 'मैं अदंर से हिल गया और लगा कि अब गाड़ी गई। तभी मुझे कैलास मानसरोवर याद आया।' कांग्रेस अध्यक्ष ने कैलास मानसरोवर की यात्रा के लिए लोगों से 10-15 दिन की छुट्टी भी मांगी थी। 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Rahul Gandhi, mansarovar Yatra, second day, tweeted, sanskrit shlock
OUTLOOK 01 September, 2018
Advertisement