Advertisement
12 September 2019

ग्रेविटी को आइंस्टीन की खोज बता बैठे पीयूष गोयल, सोशल मीडिया पर हुए ट्रोल

File Photo

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आज यानी गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था और जीडीपी पर बोलते हुए गोयल ने एक ऐसा बयान दिया कि सभा में बैठे सभी लोग कन्फ्यूज हो गए। गोयल के अनुसार गुरुत्वाकर्षण के नियम या लॉ ऑफ ग्रेविटी की खोज आइंस्टीन ने की थी।

गोयल ने कहा, ‘अर्थव्यवस्था को लेकर बड़े आंकड़ों को देखने की आवश्यकता नहीं। अगर आइंस्टीन ने आंकड़ों और गणित की चिंता की होती तो वो कभी भी गुरुत्वाकर्षण के नियम की खोज नहीं कर पाते।‘

न्यूटन ने की थी खोज

Advertisement

गुरुत्वाकर्षण के नियम की खोज वैज्ञानिक न्यूटन ने की थी। वहीं, आइंस्टीन ने सापेक्षता के सिद्धांत और द्रव्यमान ऊर्जा के समीकरण (E = mc2) की खोज की थी।

सोशल मीडिया पर ट्रोल हुए पीयूष गोयल

इस बयान के बाद से सोशल मीडिया पर कई लोग केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को ट्रोल कर रहे हैं। इसे लेकर लोग जोक्स और मीम्स शेयर कर रहे हैं। साथ ही खबर लिखे जाने तक आइंस्टीन का नाम ट्विटर पर ट्रेंड कर रहा है।

रमेश पोखरियाल ने भी ग्रेविटी पर दिया था बयान

इससे पहले भाजपा नेता और केंद्र सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने न्यूटन द्वारा गुरुत्वाकर्षण के नियम की खोज किए जाने को गलत बताते हुए कहा था कि हिन्दू ग्रंथों में गुरुत्वाकर्षण के बारे में सदियों पहले ही बता दिया गया था। पिछले दिनों इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने यह दावा किया। उन्होंने कहा, ‘हिंदू ग्रंथों में गुरुत्वाकर्षण बल की चर्चा आइजक न्यूटन से हजारों वर्ष पहले की गई।’

मंदी पर निर्मला सीतामण के बयान का भी बना था मजाक

इससे पहले केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतामण ऑटो सेक्टर की मंदी के लिए ओला-उबर को जिम्मेदार ठहरा कर ट्रोल हो चुकी हैं। वित्त मंत्री ने कहा था कि ऑटो सेक्टर, BS-6 को लेकर लोगों की सोच की वजह से ज्यादा प्रभावित है। अब मिलेनियल्स ओला उबर का उपयोग करना, गाड़ी खरीदने की तुलना में ज्यादा पसंद कर रहे हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: railway minister, Piyush goyal, einstein
OUTLOOK 12 September, 2019
Advertisement