जयपुर जेल में झड़प के बाद एक पाकिस्तानी कैदी की मौत, 2011 से था बंद
पुलवामा आतंकी हमले को लेकर भारत और पाकिस्तान में चल रहे तनाव के बीच जयपुर सेंट्रल जेल में बंद पाकिस्तानी कैदी शकरुल्लाह की मौत हो गई है। जयपुर जेल के अधिकारी के मुताबिक, दूसरे कैदियों के साथ हुई झड़प के बाद पाकिस्तानी कैदी की मौत हो गई। जयपुर जेल आईजी रुपिंदर सिंह ने बताया कि वह 2011 से यहां कैद था।
इसकी खबर मिलते ही जेल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। मामले की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि शकरूल्लाह जासूसी के आरोप में जेल में बंद था और सजा काट रहा था।
पुलवामा हमले में शहीद हुए थे 40 जवान
14 फरवरी को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में 40 जवान शहीद हो गए थे। आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने हमले की जिम्मेदारी ली थी। इस हमले के बाद से ही पूरे देश में पाकिस्तान के खिलाफ आक्रोश का माहौल है। आम जनता लगातार सड़कों पर उतर पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है और भारत सरकार से कड़ा एक्शन लेने की मांग कर रही है।
भारत में बंद 350 से ज्यादा पाकिस्तानी कैदी
बीती जनवरी में पाकिस्तान ने भारत के साथ यहां बंद अपने कैदियों की लिस्ट साझा की थी। पाकिस्तान के अनुसार भारत की जेल में करीब 350 से अधिक पाकिस्तानी नागरिक बंद हैं। इनमें अधिकतर मछुआरे या फिर बॉर्डर पार कर भारत में आने वाले नागरिक शामिल हैं। दोनों देशों के बीच हुए समझौते के अनुसार, भारत-पाकिस्तान को उनकी जेलों में बंद एक-दूसरे देशों के नागरिकों की जानकारी देना जरूरी है।
बीकानेर में जारी हुआ था अल्टीमेटम
इससे पहले राजस्थान के ही बीकानेर में पाकिस्तानी नागरिकों के लिए अल्टीमेटम जारी किया गया था। बीकानेर के डीएम कुमार पाल गौतम ने वहां रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों या घूमने आए पाकिस्तानी पर्यटकों को 48 घंटे के अंदर शहर छोड़ने को कहा था, जिसको लेकर काफी विवाद भी हुआ था। शहर में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई थी।
14 फरवरी को हुए आतंकी हमले के बाद कई संगठनों ने नई दिल्ली में मौजूद पाकिस्तानी उच्चायुक्त के बाहर जाकर प्रदर्शन भी किया था। वहीं भारत सरकार भी पाकिस्तान को लेकर कूटनीतिक कदम उठा रही है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने भारत में पाकिस्तानी उच्चायुक्त सोहेल महमूद को तलब किया था। इसके अलावा पाकिस्तान में भारत के उच्चायुक्त अजय बिसारिया को इस्लामाबाद से दिल्ली बुला लिया था, जिन्होंने बुधवार को गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की।