राफेल पूजा पर छिड़े बवाल पर बोले राजनाथ, पूजा पद्धति पर सवाल उठाना ठीक नहीं
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार देर रात फ्रांस दौरे से स्वदेश लौट आए। वह राफेल विमान को लेने के लिए फ्रांस गए थे। देश लौटते ही रक्षा मंत्री ने राफेल की पूजा किए जाने पर छिड़े विवाद को लेकर जवाब दिया। राजनाथ सिंह ने कहा कि जो मुझे सही लगा मैंने वही किया। यह हमारी आस्था है कि कोई सुपर पावर है और मैं इस पर बचपन से भरोसा करता रहा हूं। उन्होंने कहा कि पूजा पद्धति पर सवाल उठाना ठीक नहीं है।
रक्षा मंत्री ने कहा, 'जो मुझे सही लगा मैंने वही किया। यह हमारी आस्था है कि कोई सुपर पावर है और मैं इस पर बचपन से भरोसा करता रहा हूं। मुझे लगता है कि कांग्रेस पार्टी में भी इस मामले पर राय बंटी हुई होगी। जरूरी नहीं है कि हर किसी की यही राय हो।'
राफेल पूजन को मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया था तमाशा
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा की गई राफेल की पूजा को तमाशा बताया था। उन्होंने कहा था कि जब कांग्रेस पार्टी ने बोफोर्स तोप खरीदी थी तब कोई उसे इस तरह दिखावा कर लेने नहीं गया था।
राफेल पूजा के समर्थन में आए निरूपम, बोले- शस्त्र पूजा तमाशा नहीं, नास्तिक हैं खड़गे
राफेल विमान की रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा की गई पूजा को लेकर कांग्रेस में ही मतभेद उभर आए हैं। पहले मल्लिकार्जुन खड़गे ने शस्त्र पूजा को तमाशा बताया तो संजय निरूपम उन पर भड़क पड़े। संजय निरूपम ने कहा है कि शस्त्र पूजा को तमाशा नहीं कहा जा सकता। हमारे देश में शस्त्र पूजा की पुरानी संस्कृति है। समस्या यह है कि खड़गे जी नास्तिक हैं लेकिन कांग्रेस पार्टी में हर कोई नास्तिक नहीं है।
शाह ने कहा था- विजयादशमी शस्त्र पूजन करके मनाई जाती है
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बुधवार को हरियाणा में एक रैली में कहा था- राजनाथ सिंह ने राफेल की शस्त्र पूजा की, लेकिन कांग्रेस देश की इस परंपरा से खुश नहीं हुई। कल विजयादशमी थी, जो बुराई पर अच्छाई की प्रतीक है और यह शस्त्र पूजन करके मनाई जाती है। उन्होंने हरियाणा में एक रैली में कहा कि कांग्रेस को समझना चाहिए किस बात का विरोध करना है किसका नहीं। उन्हें राफेल का सेना में शामिल अखर रहा है।
कांग्रेस को वायुसेना के आधुनिकीकरण और भारतीय रीति-रिवाज से दिक्कत
भाजपा ने अपने आधिकारीक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया, 'कांग्रेस को वायुसेना के आधुनिकीकरण और भारतीय रीति-रिवाज और परंपराओं से दिक्कत है। जो पार्टी क्वात्रोची की पूजा करती थी उसके लिए 'शास्त्र पूजा' स्वाभाविक रूप से एक समस्या है और खड़गे जी, बोफोर्स घोटाले के बारे में हमें याद दिलाने के लिए धन्यवाद।