Advertisement
11 November 2022

वंदे भारत ट्रेन का जिक्र कर बोले पीएम मोदी- भारत अब रुक-रुक कर चलने वाले दिनों को पीछे छोड़ चुका है

ट्विटर/एएनआई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनावी दौरे के बाद आज कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु पहुंचे जहां उन्होंने केएसआर रेलवे स्टेशन पर पांचवीं वंदे भारत एक्सप्रेस व भारत गौरव काशी दर्शन ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इसके बाद पीएम मोदी ने केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-2 का उद्घाटन किया। इसके बाद पीएम मोदी ने एक जनसभा को भी संबोधित किया। पीएम मोदी ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि भारत अब रूक-रूक चलने वाले दिनों को पीछे छोड़ चुका है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज कर्नाटक और देश की 2 महान संतानों की जन्म जयंती है। संत कनकदास जी ने हमारे समाज को मार्गदर्शन दिया तो ओनके ओबव्वा ने हमारे गौरव और संस्कृति के लिए अपना योगदान दिया।

पीएम मोदी ने कहा कि आज कर्नाटक को पहली भारत में बनी वंदे भारत ट्रेन मिली है। कर्नाटक के लोगों को अयोध्या, काशी और प्रयागराज के दर्शन कराने वाली भारत गौरव काशी दर्शन ट्रेन की भी शुरूआत हुई है। आज केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के दूसरे टर्मिनल का भी उद्घाटन हुआ है।

Advertisement

उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया में भारत की पहचान स्टार्ट अप्स के लिए है और भारत की इस पहचान को सशक्त करने में बड़ी भूमिका बेंगलुरु की है। स्टार्ट अप्स सिर्फ एक कंपनी भर नहीं होता है। स्टार्ट अप्स एक विश्वास होता है, हर उस चुनौती के समाधान का जो देश के सामने है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत अब तेज़ दौड़ना चाहता है और इसके लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। आने वाले 8-10 सालों में हम भारतीय रेल के कायाकल्प को बदलने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज शुरू हुई वंदे भारत ट्रेन केवल एक ट्रेन नहीं है बल्कि ये नए भारत की नई पहचान है। 21वीं सदी में भारत की ट्रेन कैसी हो, ये उसकी एक झलक है। वंदे भारत एक्सप्रेस इस बात का प्रतीक है कि भारत अब रूक-रूक चलने वाले दिनों को पीछे छोड़ चुका है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज पूरी दुनिया में, भारत में निवेश के लिए जो अभूतपुर्व विश्वास बना है उसका बहुत बड़ा लाभ कर्नाटक को भी मिल रहा है। पिछले 3 साल जब पूरी दुनिया कोविड से प्रभावित रही तब कर्नाटक में लगभग 4 लाख करोड़ रुपये का निवेश हुआ। उन्होंने कहा कि बेंगलुरु अंतराष्ट्रीय शहर है। इसे हमें अपनी विरासत को संवारते हुए आधुनिक आधारभूत संरचना से समृद्ध करना है और ये सभी के प्रयास से ही संभव है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: PM Modi, Bengaluru, Vande Bharat Train, Vande Bharat Express
OUTLOOK 11 November, 2022
Advertisement