Advertisement
03 September 2016

महिला ने संदीप कुमार पर बलात्कार का आरोप लगाया

गूगल

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि महिला ने आज सुल्तानपुरी थाने में कुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और आरोप लगाया कि उसे नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ बलात्कार किया गया। महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि कुमार के मंत्री बनने के बाद सीडी बनाई गई। सूत्रों के मुताबिक महिला ने दावा किया कि वह राशनकार्ड बनवाने में मदद के लिए कुमार के पास गई थी। उससे मंत्री के दफ्तर में इंतजार करने को कहा गया और फिर कोल्ड डिंक पीने को दी गई जिसमें कथित तौर पर नशीला पदार्थ मिलाया गया था।

सूत्रों के अनुसार जब महिला होश में नहीं थी तो कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। महिला ने दावा किया कि उसे सीडी बनने की बात नहीं पता थी। संयुक्त आयुक्त (उत्तरी रेंज) संजय सिंह ने कहा कि पीड़ित का बयान दर्ज किया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि आईपीसी की धारा 376 (बलात्कार) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। इस बीच संदीप कुमार आज पुलिस उपायुक्त (बाहरी) के दफ्तर समर्पण करने के लिए पहुंचे।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया कि अगर आरोप सच साबित होते हैं तो कुमार को कड़ी सजा दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा, अगर महिला के आरोप सही हैं तो बहुत गंभीर बात है। संदीप को कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए।

Advertisement

 

 

संदीप पार्टी से भी निलंबित, बलात्कार का मामला दर्ज

 

दिल्ली सरकार से बर्खास्त पूर्व मंत्री और आम आदमी पार्टी से निलंबित किए गए संदीप कुमार के खिलाफ एक महिला द्वारा बलात्कार की शिकायत दर्ज किए जाने के कुछ घंटे बाद कुमार ने आज पुलिस के सामने समर्पण कर दिया। महिला कथित तौर पर कुछ दिन पहले आई आपत्तिजनक सीडी में कुमार के साथ दिखाई दी थी।

 

महिला और कुमार के बयान दर्ज करने के बाद पूर्व मंत्री पर बलात्कार, यौन गतिविधियों वाली सामग्री प्रसारित करने और अनुचित लाभ लेने के आरोप दर्ज किए गए हैं। महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि करीब 11 महीने पहले कुमार ने उसके साथ बलात्कार किया था जब वह एक राशन कार्ड लेने के लिए मदद मांगने बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी में उनके दफ्तर गयी थी।

 

इससे पहले आज दिन में आप की राजनीतिक मामलों की समिति ने 36 वर्षीय विधायक को निलंबित कर दिया और मामले को पार्टी की अनुशासन समिति को भेजा। कुमार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 31 अगस्त को मंत्रिपरिषद से हटा दिया था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार सुल्तानपुर माजरा के विधायक ने पीतमपुरा में पुलिस उपायुक्त के कार्यालय में जांच अधिकारियों के सामने समर्पण कर दिया जहां उनका बयान दर्ज किया गया। ( एजेंसी)

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: संदीप कुमार, आम आदमी पार्टी, दिल्ली सरकार, अरविंद केजरीवाल, महिला, सेक्स सीडी, बलात्कार, समर्पण
OUTLOOK 03 September, 2016
Advertisement