Advertisement
30 August 2019

चिन्मयानंद केस में लापता छात्रा के बारे में सुप्रीम कोर्ट ने लिया स्वत: संज्ञान, सुनवाई आज

Twitter

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में काननू की पढ़ाई कर रही एक छात्रा द्वारा पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता स्वामी चिन्मयानंद के खिलाफ एक वीडियो के जरिए शोषण का आरोप लगाए जाने के बाद वह गुमशुदा हो गई थी। इस मामले पर अब सुप्रीम कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया है। कोर्ट ने वकीलों के एक समूह द्वारा दायर याचिका के बाद ऐसा करने का फैसला किया। मामले की सुनवाई आज यानी 30 अगस्त को होगी।

बता दें कि इस मामले में लड़की के पिता ने चिन्मयानंद के खिलाफ मंगलवार को एफआईआर भी दर्ज कराई थी। वहीं, उत्तर प्रदेश पुलिस ने दावा किया है कि भाजपा नेता शोषण का आरोप लगाने वाली छात्र को दिल्ली के एक होटल में देखा गया, लेकिन जैसे ही पुलिस की टीम वहां पहुंची वह होटल छोड़कर जा चुकी थी।

वीडियो जारी कर भाजपा नेता पर शोषण का आरोप लगाने के बाद से गुमशुदा छात्रा

Advertisement

पोस्ट-ग्रेजुएट छात्रा शनिवार को उस समय से गायब है, जब उसने एक वीडियो जारी कर पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता स्वामी चिन्मयानंद पर परेशान करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। हालांकि इस वीडियो में उसने सीधे चिन्मयानंद का नाम नहीं लिया।

बता दें कि पूर्व केंद्रीय मंत्री चिन्मयानंद को 2011 में भी इसी तरह के आरोपों का सामना करना पड़ा था, जब उनके आश्रम में रहने वाली एक महिला के साथ बलात्कार करने के आरोप में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

मामले को लेकर गरमाई सियासत

इस मामले को लेकर सियासत भी गरम हो गई। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार पर महिलाओं को सुरक्षा का भरोसा दिलाने में विफल रहने का आरोप लगाया है। उसके बाद बुधवार को दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने यूपी सरकार पर निशाना साधा।

क्या बोलीं स्वाति मालीवाल

स्वाति मालीवाल ने ट्वीट किया, कैसे होगा सेंगर, चिन्मयानंद जैसे राक्षस का अंत? एक ने उन्नाव रेप पीड़िता का पूरा खानदान खत्म किया, दूसरे ने रेप कर लड़की ही अगवा कर दी। यूपी सीएम दोनों को पूरी शह दे रहे हैं! विनती है इस बेटी को ढूँढो! इसका हाल उन्नाव बेटी जैसा न होने दो! ऐसा हुआ तो देश की बेटियां हिम्मत तोड़ देगी।

उत्तर प्रदेश में ये उन्नाव मामले जैसा ही- प्रियंका गांधी

प्रियंका ने बुधवार को ट्वीट किया, 'उत्तर प्रदेश में ये उन्नाव मामले जैसा ही दुहराव लग रहा है। अगर कोई महिला बीजेपी नेता के खिलाफ शिकायत करती है तो उसको न्याय मिलना तो दूर की बात, उसकी खुद की सुरक्षा की भी गारंटी नहीं रहती।' उन्होंने कहा 'पिछले ही साल आरोपी पर से बलात्कार का मुकदमा बीजेपी सरकार ने वापस लिया था। बहुत साफ है कि सरकार किसके साथ खड़ी है। यूपी की लड़कियां सब देख रही हैं।'

प्रियंका ने कहा, 'आवाज उठाने वाली लड़की लापता है या कर दी गई है। उसके साथ क्या हो रहा है, कोई नहीं जानता। आखिर ये कब तक चलेगा।' प्रियंका ने ट्वीट कर कहा, 'उत्तर प्रदेश में एक दिन भी ऐसा नहीं बीतता जिस दिन बीजेपी सरकार महिलाओं को ये भरोसा दिलाने में कामयाब हो कि आप सुरक्षित हैं और अगर आपके साथ कोई घटना घटती है तो आपको न्याय मिलेगा।'

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: SC agrees, suo moto cognizance, plea of group, lawyers, missing law student, Hearing, today
OUTLOOK 30 August, 2019
Advertisement