Advertisement
02 December 2019

एसपीजी सुरक्षा हटने के बाद प्रियंका गांधी की सुरक्षा में सेंध, घर में घुसे पांच अज्ञात

File Photo

एसपीजी सुरक्षा वापस लेने के बाद कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के घर की सुरक्षा में भारी चूक सामने आई है। जानकारी के अनुसार, लोधी स्टेट स्थित प्रियंका गांधी के निवास पर 26 नवंबर को पांच अज्ञात लोगों ने बिना पूर्व जानकारी के प्रवेश किया और सेल्फी लेने के लिए कहा। प्रियंका गांधी के दफ्तर ने सीआरपीएफ में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। मामले में जांच जारी है।

26 नवंबर को दोपहर करीब 2 बजे, एक काले रंग की स्कॉर्पियो एसयूवी प्रियंका गांधी के निवास की ओर बढ़ी। उस समय उनके कार्यालय में एक बैठक चल रही थी, उनके सहयोगी ने बाहर आकर पूछताछ की कि वे क्या चाहते हैं। कार में दो पुरुष, तीन महिलाएं और एक बच्चा था।, उन्होंने कहा कि वे सिर्फ प्रियंका गांधी के साथ फोटो लेना चाहते थे।

ठीकरा फोड़ने का खेल हुआ शुरू

Advertisement

जब प्रियंका गांधी के दफ्तर ने सुरक्षा के लिए जिम्मेदार सीआरपीएफ से इस बारे में पूछताछ की, तो उन्होंने कहा कि निवास तक सुरक्षा दिल्ली पुलिस देखती है और एक दूसरे पर ठीकरा फोड़ने का खेल शुरू हो गया है।

हाल में केंद्र सरकार ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, उनके बेटे और पूर्व पार्टी प्रमुख राहुल गांधी और उनकी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा की एसपीजी सुरक्षा वापस ले ली थी और इसकी जगह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 'जेड प्लस' सुरक्षा मुहैया कराई थी। गांधी परिवार की एसपीजी सुरक्षा हटाने पर खासा हंगामा हुआ था और कांग्रेस ने इसे लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया था।

संसद में भी हुआ जमकर हंगामा

संसद में भी इस मुद्दे पर जमकर हंगामा हुआ और सदन की कार्यवाही स्थगित तक करनी पड़ी थी। कांग्रेस सहित कई विपक्षी दलों ने इसे बदले की राजनीति बताया था। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने एसपीजी अमेंडमेंट बिल पर चर्चा के दौरान बिना किसी का नाम लिए कहा था कि अब तक एसपीजी सुरक्षा के नियमों में जो भी बदलाव हुए थे, वे सिर्फ एक परिवार को ध्यान में रखकर हुए। पहली बार पीएम की सुरक्षा को ध्यान में रखकर बदलाव हुआ है।  इसका स्टेटस सिंबल के तौर पर इस्तेमाल नहीं होगा।

TAGS: Security, breach, Priyanka, residence, post, withdrawal
OUTLOOK 02 December, 2019
Advertisement