Advertisement
05 February 2020

शाहीन बाग में प्रदर्शकारियों के बीच पहुंची बुर्का पहनी महिला, पूछताछ के बाद छोड़ा

शाहीन बाग: प्रदर्शकारियों के बीच पहुंची बुर्का पहनी महिला, पुलिस ने लिया हिरासत में | twitter

दिल्ली के शाहीन बाग में बुधवार को उस वक्त हंगामा शुरू हो गया जब ये महिला बुर्का पहनकर प्रदर्शनकारियों के बीच गई थी जिसके बाद लोगों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने गुंजा कपूर नाम की महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद छोड़ दिया है।

पुलिस के मुताबिक," महिला एक यूट्यूब चैनल चलाती है और महिलाओं से बात करने के लिए यहां आई थी। उसने दावा किया कि महिलाने  प्रदर्शनकारियों  से ठीक से बातचीत करने के लिए बुर्का पहना था।" बता दें कि यहां पिछले करीब 50 दिनों से बच्चे, स्टूडेंट्स और महिलाएं सिटीजनशिप अमेंडमेंट एक्ट (सीएए), नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटीजंस (एनआरसी) और नेशनल पॉपुलेशन रजिस्टर (एनपीआर) के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं।

यह क्षेत्र नहीं, एक विचारधारा है’

Advertisement

केंद्रीय कानून मंत्री और भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने 27 जनवरी को कहा था कि यह एक क्षेत्र नहीं है, यह एक विचार है। जहां भारतीय ध्वज का उपयोग कपड़े के रूप में किया जा रहा है, इस विचारधारा के लोग देश को विभाजित करना चाहते हैं। वहीं, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाया कि वो कालिंदी कुंज-शाहीन बाग मार्ग को नहीं खोलना चाहती है।क्योंकि, भाजपा इस पर ‘ओछी राजनीति’ कर रही है।

पुलिस के आप के सदस्य होने का किया था दावा

शनिवार को कपिल ल गुर्जर नाम के एक शख्स ने शाहीन बाग में फायरिंग की थी जिसके बाद लोग सकते में आ गए थे। उसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार शाम को पुलिस ने दावा किया कि  कपिल ने स्वीकार किया कि वह 2019 की शुरुआत में 'आप' में शामिल हुआ था। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, कपिल ने यह भी कहा कि उसके पिता गजे सिंह भी 'आप' से जुड़े हैं और दोनों ही 2019 में पार्टी में शामिल हुए थे। कपिल गुर्जर के मोबाइल फोन से उसकी 'आप' के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ फोटो मिली थीं। लेकिन 'आप' की ओर से पुलिस के कपिल के 'आप' का सदस्य होने के दावे को पूरी तरह गलत बताया गया।

परिवार ने किया दावा खारिज

वहीं, पिता ने भी इस दावे को खारिज किया है। कपिल के परिवार वालों ने पुलिस के दावे को गलत बताते हुए कहा कि वह 'आप' में शामिल नहीं हुआ था। पिता ने कहा कि मीडिया में पुलिस के दावे से जो खबर बताई जा रही है, वह गलत है। कपिल का किसी भी राजनीतिक पार्टी से कोई संबंध नहीं है। वो आम आदमी पार्टी से कभी नहीं जुड़ा था।

संजय सिंह ने इसे भाजपा की गंदी राजनीति कहा

सोशल मीडिया में वायरल हुई कई फोटो में कपिल को 'आप' के वरिष्ठ नेताओं संजय सिंह और आतिशी के साथ देखे जाने के बाद क्राइम ब्रांच की ओर से अदालत को कपिल गुर्जर, उसके पिता और 'आप' के बीच संबंध के बारे में जानकारी दी गई। दिल्ली पुलिस के दावे के बाद ‘आप’ नेता संजय सिंह ने कहा, ‘इस तरह के फोटो का कोई मतलब नहीं है और यह बीजेपी की गंदी राजनीति है। अपराध की जांच होनी चाहिए और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।’ संजय सिंह ने कहा कि पुलिस डीसीपी राजेश देव की शिकायत चुनाव आयोग से करेगी। उन्होंने राजेश देव को बीजेपी का प्रवक्ता भी बताया था।

 

TAGS: Shaheen Bagh, Delhi Police, Gunja Kapoor, CAA, NRC, NPR
OUTLOOK 05 February, 2020
Advertisement