Advertisement
18 April 2020

शरजील इमाम के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने दायर की चार्जशीट, राजद्रोह का आरोप

FILE PHOTO

दिल्ली स्थित जामिया विश्वविद्यालय में 15 दिसंबर 2019 को हुई हिंसा मामले में गिरफ्तार शरजील इमाम के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने साकेत कोर्ट में चार्जशीट दायर कर दी है। इस चार्जशीट में दिल्ली पुलिस ने शरजील को भड़काऊ भाषण देने और दंगे उकसाने के लिए आरोपी बनाया है। शरजील इमाम को देश में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किया गया था। दिल्ली पुलिस ने उसे 28 जनवरी को बिहार के जहानाबाद से गिरफ्तार किया था।

राजद्रोही भाषण देने और हिंसा भड़काने का आरोप

पुलिस ने शरजील इमाम के खिलाफ शनिवार को चार्जशीट दाखिल की है। शरजील पर 15 दिसंबर 2019 को जामिया में राजद्रोही भाषण देने और दंगे भड़काने का आरोप है। उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 124 ए और 153 ए (देशद्रोह और दो वर्गों के बीच भेदभाव) के तहत केस दर्ज किया गया था।

Advertisement

बिहार के जहानाबाद से गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे पटना से दिल्ली लाई थी। दिल्ली स्थित साकेत कोर्ट ने देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार शरजील इमाम को नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ 15 दिसंबर को हिंसक प्रदर्शनों से संबंधित एक अन्य मामले में 17 फरवरी को दिल्ली पुलिस की एक दिन की हिरासत में भेजा था।

13 दिसंबर को दिया था भड़काऊ भाषण

शरजील इमाम पर आरोप है कि 13 दिसंबर, 2019 को उसने अपने भाषण में देश को तोड़ने की बात कही थी। इस भड़काऊ भाषण के दो दिन बाद यानी 15 दिसंबर को दिल्ली के जामिया नगर और न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में हिंसक प्रदर्शन हुआ था, जिसमें कई बसें जला  दी गई थीं और सड़कों पर जमकर तोड़फोड़ की गई थी। इसके बाद अब पूरी जांच के बाद दिल्ली पुलिस ने दिल्ली में दंगे भड़काने के मामले में देशद्रोह की धारा के तहत चार्जशीट दाखिल की है।  उधर, शरजील इमाम के वकील ने बताया कि यह चार्जशीट पुलिस ने 17 अप्रैल को दाखिल की है। हम इसके खिलाफ कानूनी तरीके से लड़ाई लड़ेंगे।

15 दिसंबर को हुई थी जमकर हिंसा

15 दिसंबर को नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के खिलाफ जामिया के छात्रों ने जामिया नगर और न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र में विरोध मार्च निकाला था। इस दौरान जमा भीड़ ने बड़े पैमाने पर दंगे, पथराव और आगजनी की थी। हिंसा के दौरान भीड़ ने कई सार्वजनिक और निजी संपत्तियों में तोड़फोड़ और आग लगा दी थी। जामिया और न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में दंगे, आगजनी और सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने के कई मामले दर्ज किए गए थे। इस हिंसा में कई पुलिसकर्मी और अन्य लोग भी घायल हुए थे।

इससे पहले जामिया और न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में हिंसा मामले में दिल्ली पुलिस अदालत में आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है। इसमें दिल्ली पुलिस ने जेएनयू के छात्र शरजील इमाम समेत 17 लोगों के नाम शामिल किए हैं। फरवरी में पेश आरोप पत्र में शरजील पर पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया गया है।

कौन है शरजील इमाम

शरजील इमाम बिहार के जहानाबाद का रहने वाला है। वह जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) के सेंटर फॉर हिस्टोरिकल स्टडीज का छात्र है। शरजील की फेसबुक प्रोफाइल के मुताबिक, वह आईआईटी बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस में पोस्ट ग्रैजुएट है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Sharjeel Imam, chargesheeted, seditious, speech case
OUTLOOK 18 April, 2020
Advertisement