Advertisement
23 September 2022

मुंबई हाई कोर्ट से शिंदे गुट को झटका, उद्धव ठाकरे को शिवाजी पार्क में मिली दशहरा रैली की इजाजत

FILE PHOTO

मुंबई हाई कोर्ट से एकनाथ शिंदे गुट को बड़ा झटका लगा है। हाई कोर्ट ने शुक्रवार को उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना को पांच अक्टूबर को मध्य मुंबई के शिवाजी पार्क मैदान में अपनी वार्षिक दशहरा रैली करने की इजाजत दे दी। हाई कोर्ट ने एकनाथ शिंदे गुट की तरफ से दादर से विधायक सदा सरवनकर की याचिका को खारिज कर दिया है। अदालत ने कहा कि बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) का आदेश "कानून की प्रक्रिया और सद्भावना का स्पष्ट दुरुपयोग" था।

जस्टिस आर डी धानुका और जस्टिस कमल खाता की खंडपीठ ने ठाकरे के नेतृत्व वाले शिवसेना गुट और उसके सचिव अनिल देसाई द्वारा दायर याचिका को स्वीकार कर लिया, जिसमें मुंबई नगर निकाय के आदेश को चुनौती दी गई थी, जिसमें उन्हें मंजूरी नहीं दी गई थी।

 पीठ ने ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कहते हुए 2 अक्टूबर से 6 अक्टूबर तक मैदान का उपयोग करने की अनुमति दी। कोर्ट ने कहा है कि इतने वर्षों से आयोजन हो रहा है और अभी तक कोई घटना नहीं हुई है।

Advertisement

बीएमसी ने 21 सितंबर को कहा था कि वह अनुमति देने से इनकार कर रही है क्योंकि इसी तरह का एक आवेदन महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले प्रतिद्वंद्वी शिवसेना धड़े के विधायक सदा सरवणकर ने दायर किया था, और अगर एक गुट को अनुमति दी जाती है, तो इससे कानून व्यवस्था की स्थिति पैदा होगी जैसा की पुलिस ने अंदेशा व्यक्त किया है।

बीएमसी की तरह से वकील मिलिंद साठे ने कहा कि शिवसेना के दोनों पक्षों की वजह से कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो सकती है और होर्डिंग लगाने को लेकर दोनों गुटों में विवाद हो सकता है। गणपति उत्सव के दौरान भी शिवसेना के दो गुटों में झड़प हुई थी और यह तनाव अभी भी बना हुआ है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 23 September, 2022
Advertisement