Advertisement
29 August 2023

कोयला खनन परियोजनाओं के नामकरण में राज्य की परंपरा एवं इतिहास को सम्मान मिले: हेमंत सोरेन

file photo

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्रीय खान एवं कोयला मंत्री प्रहलाद जोशी को पत्र लिखकर कोयला खनन परियोजनाओं के नामकरण में राज्य की परंपरा एवं इतिहास को सम्मान दिए जाने का आग्रह किया है। उन्होंने अपने पत्र में कहा है कि कोल इंडिया लिमिटेड द्वारा संचालित विभिन्न कोयला खनन परियोजनाओं  एवं निजी कोयला परियोजना का नामकरण स्थानीय स्थल/ गांव/ मौजा/ पंचायत /प्रखंड/ झारखंड राज्य के महापुरुषों एवं दर्शनीय स्थलों आदि के अनुरूप किया जाए।

हेमंत सोरेन ने पत्र में अनुरोध किया  है कि कोल इंडिया लिमिटेड, निजी कंपनियों एवं अन्य लोक उपक्रमों के द्वारा संचालित खनिज परियोजनाओं का नामकरण भारत सरकार द्वारा स्थानीय जनमानस की भावनाओं, परंपरा, संस्कृति आदि के आधार पर नहीं किया जा रहा है।

उन्होंने चतरा जिला में संचालित खनन परियोजनाएं आम्रपाली कोयला परियोजना, अशोक कोयला परियोजना एवं मगध कोयला परियोजना का उदाहरण देते हुए कहा है कि इन कंपनियों द्वारा जन भावनाओं के खिलाफ जाकर स्थानीय जन भावनाओं की संस्कृति, परंपरा और इतिहास को उचित सम्मान नहीं दिया जा रहा है।

Advertisement

मुख्यमंत्री ने पत्र में कहा है कि झारखंड की पहचान एक खनिज संपदा बहुल राज्य के रूप में स्थापित हुई है और देश के विकास में इसका अहम योगदान है। खनिजों से प्राप्त राजस्व का बड़ा भाग कोयला से ही प्राप्त होता है, जिसका लगातार दोहन किया जा रहा है। अनुरोध किया है कि यहां के संस्कृति, परंपरा और इतिहास को उचित सम्मान दिया जाय।

OUTLOOK 29 August, 2023
Advertisement