Advertisement
02 August 2022

दिल्ली में मंकीपॉक्स का तीसरा मामला; एक और नाइजीरियाई शख्स पॉजिटिव, देश में आठवां केस

FILE PHOTO

दिल्ली में मंगलवार को मंकीपॉक्स का एक और मामला सामने आया है। एक और नाइजीरियाई शख्स की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही दिल्ली में संक्रमितों की संख्या तीन हो गई है और देश में अब तक आठ केस हो गए हैं।

अफ्रीकी मूल के एक 35 वर्षीय व्यक्ति जिसका विदेश यात्रा का हाल का कोई इतिहास नहीं है, दिल्ली में मंकीपॉक्स से संक्रमित पाया गया है। इसेदिल्ली सरकार द्वारा संचालित एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती दिल्ली के मंकीपॉक्स के पहले मरीज को सोमवार रात को छुट्टी दी गई थी। पश्चिमी दिल्ली का यह निवासी (34) पिछले महीने मंकीपॉक्स से संक्रमित पाया गया था। अधिकारियों ने बताया कि उनके संपर्क में आए डॉक्टर सहित 14 लोगों को अलग किया गया, लेकिन इनमें से किसी में भी कोई लक्षण नहीं दिखा।

Advertisement

मंगलवार को ही केरल में यूएई से लौटा 30 वर्षीय एक व्यक्ति मंकीपॉक्स से संक्रमित पाया गया है, जिसके साथ ही राज्य में इस वायरस से संक्रमित लोगों की कुल संख्या पांच हो गई है। राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने मंगलवार को कहा कि व्यक्ति 27 जुलाई को कालीकट हवाई अड्डे पर विमान से उतरा था और मलप्पुरम जिले में एक अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि उसकी हालत स्थिर है। व्यक्ति के माता-पिता और उसके संपर्क में आए अन्य लोगों पर नजर रखी जा रही है।

सोमवार को केरल सरकार ने कहा था कि 30 जुलाई को जिस 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई थी, उसके मंकीपॉक्स से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। मंकीपॉक्स से देश में यह पहली मौत थी। पहला मामला 14 जुलाई को कोल्लम जिले से सामने आया था और मरीज को पिछले सप्ताह अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। दूसरा मामला 18 जुलाई को कन्नूर जिले में और तीसरा मामला पड़ोसी मलप्पुरम में 22 जुलाई को सामने आया था। वे सभी विदेश से लौटे थे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 02 August, 2022
Advertisement