Advertisement
02 March 2022

अब तक लगभग 17000 भारतीयों ने छोड़ा यूक्रेन बॉर्डर, विदेश मंत्रालय ने दी ये जानकारी

ट्विटर

यूक्रेन और रूस के बीच जंग तेज होती जा रही है। युद्ध के सातवें दिन रूस ने यूक्रेन के कई शहरों को निशाना बनाया। युद्धग्रस्त यूक्रेन से भारतीय नागरिकों को वापस लाने के सरकार के प्रयास जारी रहने के बीच विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि यूक्रेन पर रूसी हमला होने के बाद से अभी तक लगभग 17,000 भारतीयों ने यूक्रेन छोड़ दिया है। अरिंदम बागची ने कहा कि अब तक 15 उड़ानों में 3,352 लोग भारत भी लौट आए हैं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान, 6 उड़ानें भारत पहुंची हैं, जिससे भारत में कुल उड़ानों की संख्या 15 हो गई है और इन उड़ानों से लौटने वाले भारतीयों की कुल संख्या 3,352 है।

 

Advertisement

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि यूक्रेन छोड़ने वाले भारतीयों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। अनुमान है कि अभी तक लगभग 17 हजार भारतीय नागरिक यूक्रेन की सीमाओं को छोड़ चुके हैं।

अरिंदम बागची ने कहा कि भारतीय वायु सेना के विमान बुखारेस्ट (रोमानिया) से पहली सी-17 उड़ान के साथ ऑपरेशन गंगा में शामिल हो गए हैं, जिसके आज रात बाद में दिल्ली लौटने की उम्मीद है। बुडापेस्ट (हंगरी), बुखारेस्ट (रोमानिया) और रेजजो (पोलैंड) से आज 3 और भारतीय वायुसेना (आईएएफ) की उड़ानें शुरू की जाएंगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Ukraine Russia War, Ukraine Crisis, Ukraine Border, Ministry of External Affairs
OUTLOOK 02 March, 2022
Advertisement