Advertisement
09 September 2019

कॉप-14 में बोले पीएम मोदी, अब सारी दुनिया को सिंगल यूज प्लास्टिक को 'गुड बाय' कह देना चाहिए

File Photo

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को कॉप-14 (कॉन्फ्रेंस ऑफ पार्टीज) को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में धरती को महत्व दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जलवायु एवं पर्यावरण का असर बायोडाइवर्सिटी और भूमि, दोनों पर पड़ता है। सर्वमान्य तथ्य है कि दुनिया जलवायु परिवर्तन के नकारात्मक प्रभावों का सामना कर रही है।

'असली बदलाव हमेशा टीमवर्क से ही आता है'

मरुस्थलीकरण पर दुनिया के 196 देशों की बैठक (COP-14) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'हम कितने भी फ्रेमवर्क लागू कर लें, लेकिन असली बदलाव हमेशा टीमवर्क से ही आता है'। भारत ने ऐसा ही देखा था स्वच्छ भारत मिशन के दौरान, सभी वर्गों के लोगों ने इसमें भाग लिया और सुनिश्चित किया कि वर्ष 2014 में जो सैनिटेशन कवरेज 38 फीसदी थी, वह आज 99 फीसदी है।

Advertisement

सारी दुनिया को सिंगल यूज प्लास्टिक को 'गुड बाय' कह देना चाहिए

पीएम मोदी ने क‍हा, हम बायो फर्टिलाइजर को बढ़ावा दे रहे हैं। केमिकल फर्टिलाइजर के इस्‍तेमाल को कम कर रहे हैं। भारत ने जल संरक्षण के लिए जल शक्ति मंत्रालय बनाया है। उन्‍होंने कहा कि भारत ने सिंगल यूज प्‍लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है'। उन्होंने कहा, ‘मेरी सरकार ने घोषणा की कि भारत आने वाले सालों में सिंगल यूज प्लास्टिक का खात्मा कर देगा। उन्होंने कहा, ‘मेरे विचार में समय आ चुका है, जब सारी दुनिया को सिंगल यूज प्लास्टिक को 'गुड बाय' कह देना चाहिए’। हमारा लक्ष्‍य किसानों की आमदनी दो गुना करने का है।

अपना वन क्षेत्र बढ़ाने के लिए भारत प्रतिबद्ध है

पीएम मोदी ने कहा कि आपको यह जानकर खुशी होगी कि भारत अपना वन क्षेत्र बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। 2015 से 2017 के बीच भारत ने अपने वन क्षेत्र और पेड़ क्षेत्र 8 लाख हेक्‍टेयर तक बढ़ाया है। पीएम मोदी ने कहा कि जल संकट का वैश्विक संकट घोषित किया जाए। 'मैं' और 'हम' के रिश्‍ते को शांति मंत्र बयां करता है।

भारत बंजर भूमि को उपजाऊ बनाने की ओर काम कर रहा है

पीएम मोदी ने इस सम्‍मेलन में कहा, 'मैं आज यह घोषणा करना चाहता हूं कि भारत बंजर भूमि को उपजाऊ बनाने के प्रति अपने प्रयासों को बढ़ाने की ओर काम कर रहा है। अब और 2030 के बीच भारत बंजर भूमि को उपजाऊ बनाने के स्‍तर को 2.1 करोड़ हेक्‍टेयर से बढ़ाकर 2.6 करोड़ करने के लिए प्रयासरत रहेगा’।

प्रकाश जावड़ेकर ने किया था शुभारंभ

दो सितंबर से शुरू हुए कॉप-14 का शुभारंभ केंद्रीय पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने किया था। इसका आयोजन दुनिया को बढ़ते मरुस्थलीकरण से बचाने की मुहिम के तहत किया गया है। दुनिया के करीब 196 देशों के प्रतिनिधि इस सम्मेलन में भाग ले रहे हैं।

बढ़ते मरुस्थलीकरण से दुनिया को बचाने की मुहिम  

दुनिया को बढ़ते मरुस्थलीकरण से बचाने की मुहिम के तहत ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में चल रहे 12 दिवसीय कॉप-14 (कॉन्फ्रेंस आफ पार्टीज) का आयोजन किया गया है। प्रधानमंत्री की प्रस्तावित यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपीजी व अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार को उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक्सपो मार्ट में पूर्वाभ्यास किया गया। इस मौके पर एसपीजी, पुलिस व जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौजूद थे।

बता दें कि मरुस्थलीकरण उस प्रक्रिया को कहते हैं, जिसमें सूखा, बाढ़, वन की कटाई और गलत कृषि के कारण उपजाऊ जमीन बंजर बनता जा रही है।

रविवार को पीएम ने रोहतक में विजय संकल्प रैली को किया था संबोधित

इससे पहले रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के रोहतक में विजय संकल्प रैली को संबोधित किया। साथ ही, हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी के अभियान शुरू हो गया। इस रैली में पीएम मोदी ने चंद्रयान-2 का जिक्र करते हुए कहा कि 7 सितंबर की रात के 100 सेकंड ने कामयाबी की परिभाषा बदल दी।

अब इसरो स्पिरिट की बात होगी- मोदी

पीएम मोदी ने इसरो स्पिरिट (ISRO Spirit) का जिक्र करते हुए कहा कि जैसे हम खेल भावना का जिक्र करते थे, अब वैसे ही इसरो की भावना की चर्चा हुआ करेगी। उन्होंने कहा, 'भारत 7 सितंबर की रात को कभी नहीं भूलेगा। 7 सितंबर को मुझे एक और साक्षात्कार हुआ, 7 सितंबर में रात को 1 बजकर 50 मिनट पर पूरा देश टीवी के सामने नजरें लगाकर बैठा था। देश और दुनिया चंद्रयान की खुशखबरी के लिए देख रही थी अभी होगा...अभी होगा...अभी होगा...7 सितंबर की रात के 100 सेकंड की घटना ने पूरे देश को 100 सेकंड के अंदर जगा दिया। एक घटना ने 100 सेकंड के अंदर पूरे हिन्दुस्तान को जोड़ दिया। मैं कहूंगा जैसे स्पोर्ट्समैन स्पिरिट की बात करते हैं अब इसरो स्पिरिट की बात होगी।'

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: PM Modi, Addresses, UN Conference, Combat Desertification, In Greater Noida, Today, target, restoring land, estoring land, degraded status, 2030, Single-Use Plastics, Good-Bye
OUTLOOK 09 September, 2019
Advertisement