Advertisement
12 June 2019

आगरा की कचहरी में यूपी बार काउंसिल की अध्यक्ष दरवेश यादव की गोली मारकर हत्या

File Photo

उत्तर प्रदेश बार काउंसिल की अध्यक्ष दरवेश यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। न्यू आगरा स्थित दीवानी परिसर में हमलावर ने उन्हें एक के बाद एक तीन गोली मारीं। आगरा की अधिवक्ता दरवेश यादव दो दिन पहले ही यूपी बार काउंसिल की अध्यक्ष चुनी गई थीं। वह बुधवार को आगरा पहुंचीं थीं जहां दीवानी परिसर में उनका स्वागत कार्यक्रम चल रहा था। बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने घटना की निंदा की है और 13 जून को प्रदेश में शोक दिवस का ऐलान किया है। बता दें कि आज ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था पर अधिकारियों के साथ बैठक की है।

आरोपी हमलावर ने खुद को भी मारी गोली

दरवेश यादव वरिष्ठ अधिवक्ता अरविंद कुमार मिश्रा के चैंबर में बैठी हुई थीं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि एडवोकेट मनीष शर्मा यूपी बार काउंसिल की अध्यक्ष दरवेश यादव के पास पहुंचे। उन्होंने एक के बाद एक तीन राउंड फायरिंग की, दरवेश वहीं गिर गईं। इसके बाद हमले के आरोपी एडवोकेट मनीष शर्मा ने खुद को भी गोली मार ली।

Advertisement

अस्पताल में किया गया भर्ती लेकिन मृत घोषित

दरवेश यादव को गंभीर हालत में पुष्पांजलि हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां दरवेश यादव को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, हमले का आरोपी एडवोकेट मनीष शर्मा भी अस्पताल में भर्ती है।

इस घटना के बाद अस्पताल में वकीलों की भीड़ जमा हो गई है। पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। वारदात थाना न्यू आगरा इलाके के न्यायालय परिसर में हुई है। अभी तक इस घटना के पीछे की वजह साफ नहीं है। पुलिस ने मामले की छानबीन कर शुरू कर दी है। आगरा जोन के एडीजी अजय आनंद समेत अन्य आला अफसर और वरिष्ठ अधिवक्ता मौके पर जा पहुंचे। मामले की तफ्तीश की जा रही है।

अखिलेश ने साधा योगी सरकार पर निशाना

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने घटना की निंदा करते हुए प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रेप, हत्याएं और राजनीतिक हत्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। मुख्यमंत्री बैठकों पर बैठक कर रहे हैं लेकिन कानून-व्यवस्था की हालत खराब होती जा रही है। अब यूपी बार काउंसिल की अध्यक्ष की हत्या कर दी गई है। कानून के रखवाले भी सुरक्षित नहीं है।

बसपा प्रमुख मायावती ने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद बीजेपी के शासन में अराजकता व जंगलराज और बढ़ गया है।

 

(एजेंसी इनपुट्स के साथ)

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: UP Bar council, darvesh yadav, shot dead, two days back
OUTLOOK 12 June, 2019
Advertisement