Advertisement
20 May 2019

एग्जिट पोल को लेकर ऐश्वर्या पर मीम साझा कर फंसे विवेक ओबेरॉय, महिला आयोग ने लिया संज्ञान

File Photo

लोकसभा चुनाव 2019 के खत्म होने के बाद तमाम टीवी चैनलों दिखाए गए एग्जिट पोल पर एक मीम शेयर कर बॉलीवुड एक्टर विवेक ओबेरॉय फंसते जा रहे हैं। विवेक ने जो मीम साझा किया है उस पर उन्हें हर तरफ से नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है। यह मीम विवेक ओबेरॉय, ऐश्वर्या राय बच्चन, सलमान खान और अभिषेक बच्चन से जुड़ा हुआ है, जिसमें तीन अलग-अलग तस्वीरों पर अलग-अलग कैप्शन (ओपिनियन पोल, एग्जिट पोल और रिजल्ट) लिखे हुए हैं।

विवेक ओबेरॉय ने मीम को शेयर करते हुए लिखा, “हाहा, क्रिएटिव! यहां कोई पॉलिटिक्स नहीं..सिर्फ लाइफ। क्रेडिट: @pavansingh1985.” उन्होंने इसके साथ एक स्माइली वाली इमोजी भी पोस्ट की है। इस मीम को शेयर करने के बाद से ही विवेक सोशल मीडिया पर ट्रोल हो रहे हैं। अब महाराष्ट्र की नेशनल कांग्रेस पार्टी (NCP) ने विवेक के रेवैये पर कड़ी आपत्ति जताई है। उनके मीम शेयर करने के बाद अभिनेत्री सोनम कपूर ने ट्वीट किया, “बकवास और बेहद घटिया।” दिल्ली महिला आयोग की चेयरपर्सन स्वाति मालीवाल ने कहा, “ यह बिल्कुल ही मजाकिया नहीं है। यह बेहूदा, बकवास है और बीमार मानसिकता को बतलाता है।”

महिला आयोग सख्त

Advertisement

यह मामला महाराष्ट्र महिला आयोग के संज्ञान में भी आया है। इससे कहा जा रहा है कि आयोग आपत्तिजनक ट्वीट को लेकर विवेक ओबेरॉय के खिलाफ कार्रवाई पर विचार कर रहा है। महाराष्ट्र महिला आयोग की चेयरपर्सन विजया राहतकर ने कहा कि ओबरॉय का ट्वीट महिलाओं का लिए अपमानजनक है और वे इसके लिए उन्हें नोटिस भेजेंगी। राहतकर ने ट्वीट किया, “उन्होंने जो ट्वीट किया है, उसे क्रिएटिविटी नहीं कहा जा सकता है। वह एक जिम्मेदार अभिनेता हैं और हमें उनसे ऐसे व्यवहार की उम्मीद नहीं थी। हमने इसका संज्ञान लिया है और उन्हें नोटिस भेजेंगे।” फिल्मकार अशोक पंडित ने भी ओबरॉय की इसके लिए आलोचना की है। पंडित ने ट्वीट में कहा, “प्रिय विवेक ओबरॉय, यह कई लिहाज से अपमानजनक है। आप इस सतही मीम को भला कैसे क्रिएटिविटी कह सकते हैं?  आफ जैसे सभ्य व्यक्ति से ऐसी उम्मीद नहीं थी।”

पद्मश्री से सम्मानित महिला का ट्वीट कर अपमान ठीक नहीं

नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) नेता नवाब मलिक ने कहा की जिस तरह विवेक ओबेरॉय ने पद्मश्री से सम्मानित महिला का ट्वीट कर अपमान किया है वो ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि ‘कहां सो रहा है महिला आयोग? एक अभिनेता होने के बावजूद विवेक ने ये बेहूदगी और बदतमीजी भरा काम किया है।

नवाब मलिक ने कहा, ‘विवेक को माफी मांगनी चाहिए, वरना इसका खामियाजा उन्हें भुगतना होगा। महिला आयोग इस मामले में उन पर मुकदमा करे और कर्रवाई करे’।

जानें क्या है पूरा मामला

पीएम नरेंद्र मोदी की बायोपिक में काम कर चुके एक्टर विवेक ओबेरॉय ने आज अपने ट्विटर हैंडल से एक तस्वीर साझा की थी जिसमें ऐश्वर्या राय की सलमान खान, विवेक ओबेरॉय और अभिषेक, आराध्या के साथ तीन तस्वीरें थीं। सलमान ऐश्वर्या वाली फोटो पर "ओपिनियन पोल" लिखा था। ऐश्वर्या की विवेक ओबेरॉय के साथ वाली तस्वीर पर "एग्जिट पोल" जबकि पति अभिषेक बच्चन और बेटी आराध्या बच्चन के साथ ऐश्वर्या की तीसरी तस्वीर में 'रिजल्ट्स' लिखा था।

इनसे जुड़ चुका है ऐश्वर्या का नाम

बता दें कि सालों पहले सलमान खान और विवेक ओबेरॉय का नाम ऐश्वर्या राय से जुड़ चुका है। एक समय इनके रिलेशनशिप ने मीडिया में काफी सुर्खियां बटोरी थीं। इसे लेकर विवेक द्वारा अब मीम शेयर करना कई लोगों को बुरा लग रहा है। अब देखना होगा कि क्या ट्रोलिंग और आलोचना के बाद विवेक इस मीम को डिलिट कर देते हैं या नहीं?

24 मई को रीलीज होगी फिल्म प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

विवेक की फिल्म की बात करें तो उनकी फिल्म पीएम नरेंद्र मोदी 24 मई को रिलीज हो रही है, जिसमें उन्होंने नरेंद्र मोदी का किरदार निभाया है। यह फिल्म पहले अप्रैल में रिलीज होने वाली थी, मगर चुनाव आचार संहिता लागू हो जाने की वजह से रिलीज़ पर रोक लगा दी गई थी।

यहां देखें फोटो

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Vivek Oberoi, shared meme, Aishwarya Rai, Exit Poll, NCP said, Women's Commission, take action, Lok Sabha Elections
OUTLOOK 20 May, 2019
Advertisement