Advertisement
12 June 2018

क्या कोका-कोला बनाने वाला शख्स सच में पहले शिकंजी बेचता था?

कोका-कोला का पुराना विज्ञापन (दाएं), राहुल गांधी (बीच में), शिकंजी (दाएं)

गर्मी के इन दिनों में कोका-कोला और शिकंजी हर किसी की जुबान पर हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सोमवार को पार्टी के ओबीसी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे लेकिन अपने भाषण में दिए तथ्यों की वजह से सोशल मीडिया पर उनके भाषण की चर्चा होने लगी। राहुल ने कोका-कोला के संस्थापक के कारोबारी जिंदगी के शुरुआती दिनों में शिकंजी बेचने का दावा किया। लेकिन राहुल का दावा कई मामलों में गड़बड़ निकल गया। इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष ने मैकडॉनल्ड्स, फोर्ड कार कंपनी, मर्सिडीज बेंज, होंडा को लेकर भी कई दावे किए। आइए, राहुल गांधी के दावों की पड़ताल करते हैं।

 कैसे शुरुआत हुई कोका-कोला की? 

कोका-कोला को कोक भी कहा जाता है। अपने यूनिक फॉर्मूला और टेस्ट के लिए सॉफ्ट ड्रिंक की दुनिया में यह छाया हुआ है। इसकी शुरुआत जॉन पिम्बर्टन ने की थी। यह भी तमाम खोजों की तरह आकस्मिक होने वाली खोज थी। जॉन पिम्बर्टन मॉर्फीन के अडिक्ट थे। उन्होंने कोका प्लांट के रस, कोला नट्स और कार्बोनेटेड वॉटर को मिलाकर एक पेय तैयार किया था। यह तैयार होने के बाद वे इसे जैकब फार्मेसी ले गए जो उनके घर से कुछ ही दूर था। उन्होंने ग्राहकों को इसे पीने के लिए दिया। इसका स्वाद ग्राहकों के लिए अलग था। बाद में पिम्बर्टन के साथी फ्रैंक रॉबिन्सन ने इस पेय को कोका-कोला नाम दिया।

Advertisement

कोका-कोला शुरू होने के अगले तीन साल में 1888-1891 के बीच अटलांटा के कारोबारी असा ग्रिग्स सैंडलर ने 2,300 डॉलर में कोका-कोला बिजनेस के अधिकार खरीदे। सैंडलर कोका-कोला ब्रांड को नई ऊंचाई तक ले गए। कोका-कोला ने अपना पहला विज्ञापन अटलांटा जर्नल में दिया था। पहले साल में कंपनी हर दिन औसतन 9 ड्रिंक बेच पाती थी लेकिन 100 साल बाद यह कंपनी दुनिया भर में हर दिन 1.9 अरब ड्रिंक बेचती है।

मैकडॉनल्ड्स पर

रेस्टोरेंट चेन मैकडॉनल्ड्स के बारे में राहुल गांधी ने दावा किया कि इसके संस्थापक कभी ढाबा चलाते थे। 

तथ्य: मैकडॉनल्ड्स के संस्थापक बंधु रिचर्ड और मौरिस मैकडॉनल्ड्स ने इसकी शुरुआत की थी। दोनों भाइयों ने बाद में इस कंपनी को रे क्रॉक को बेच दिया था, जो मिल्क शेक मिक्सर सेल्समैन थे।

फोर्ड मोटर्स 

राहुल गांधी ने कहा कि फोर्ड मोटर्स एक मैकेनिक ने शुरू की थी।

तथ्य: हेनरी फोर्ड और 11 अन्य लोगों ने मिलकर फोर्ड कंपनी की शुरुआत की थी। फोर्ड ने एक ऑटो इंजीनियर के तौर पर काम किया था और 1896 में अपनी पहली कार बनाई थी। 

होंडा

ऑटोमोबाइल कंपनी होंडा के बारे में राहुल ने कहा कि यह कंपनी भी एक मकैनिक ने बनाई थी।

तथ्य: होंडा कंपनी की स्थापना करने वाले सोइकिरो होंडा बचपन में अपने पिता की साइकल रिपेयरिंग की दुकान पर काम में मदद करते थे। उन्होंने एक कार मैकेनिक के तौर पर अपना जीवन जिया। यानी राहुल गांधी का यह दावा सही है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: rahul gandhi, cocacola, shikanji, congress, obcsammelan
OUTLOOK 12 June, 2018
Advertisement