Advertisement
26 October 2017

दिल्ली में पति ने ही की थी महिला की हत्या, कई से हैं अफेयर

दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में बुधवार तड़के हुई महिला की हत्या में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। हत्यारा कोई और नहीं उसका पति ही था। दिल्ली पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले पंकज मेहरा को आज गिरफ्तार कर लिया है। पंकज की एक और पत्नी है जबकि उसके कई अन्य अफेयर की भी बात सामने आ रही है।

पंकज ने पुलिस को बताया था कि जब वह अपनी पत्नी प्रिया मेहरा (34 साल) के साथ गुरुद्वारा बंगला साहिब से लौट रहा  था तभी कुछ लोगों ने आकर उसकी पत्नी को गोली मार दी थी। इस वक्त प्रिया की गोद में उसका दो साल का बेटा भी मौजूद था।

पंकज ने इस मामले को ऐसा रूप देने की कोशिश की जिससे लगे कि बदमाशों ने उधार के पैसे न मिलने पर गोलियां चलाई जिसमें उसकी पत्नी की मौत हो गई।

Advertisement

पंकज मेहरा ने पुलिस को बताया था कि उसने उधार पर पैसे लिए थे जो अब बढ़कर 40 लाख हो गए थे। वह उन पैसे को लौटा नहीं पा रहा था तो उधार देने वाले ने उसे धमकी दी थी। पुलिस को उसके बयानों में विरोधाभास नजर आया इसके बाद उससे पूछताछ की गई। पुलिस उपायुक्त (उत्तर पश्चिम) मिलिंद डुंबरे ने बताया कि इस दौरान उसने पत्नी को मारने की बात स्वीकार कर ली।

पुलिस ने कहा कि पंकज को लगता था कि वह उधार देने वालों पर आरोप लगाकर पुलिस को गुमराह करने में सफल हो जाएगा। पंकज ने प्रिया के अलावा एक और औरत से शादी की थी। उसका झुकाव अपनी दूसरी पत्नी की ओर ज्यादा था इसी लिए उसने प्रिया को रास्ते से हटाने की बात सोची। प्रिया के परिजनों का आरोप है कि पंकज के कई अन्य महिलाओं से भी अफेयर थे। इसकी वजह से पंकज और प्रिया में अकसर झगड़ा होता है। हालांकि इन दोनों ने भी प्रेम विवाह किया था।

पंकज मेहरा रोहिणी सेक्टर 15 में परिवार सहित रहता था। पहाड़गंज इलाके में उसका रेस्तरां हैं। मंगलवार की रात वह हडसन लेन स्थित अपने भाई के रेस्तरां में गया था। वहां से देर रात वह अपनी पत्नी और बेटे के साथ गुरुद्वारा बंगला साहिब गया। इसके बाद परिवार अपनी रिट्ज कार में सवार होकर घर लौट रहा था।

पंकज ने पुलिस को बताया था कि उसने सोनीपत निवासी एक युवक से पांच लाख रुपये उधार लिए थे। वह इसका मोटा ब्याज वसूलता था। ब्याज और मूलधन मिलाकर अब सूदखोर उससे 40 लाख रुपये मांग रहा था। सूदखोर रकम की वसूली के लिए पिछले कुछ दिनों से लगातार उसे धमकी दे रहा था। पंकज ने उसी शख्स द्वारा हत्या करवाने की आशंका जताई थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Woman, murdered, Delhi, husband, shot, महिला, पति, हत्या, गोली
OUTLOOK 26 October, 2017
Advertisement