Advertisement
21 September 2023

राज्यसभा में भी सर्वसम्मित से पास हुआ महिला आरक्षण बिल; पक्ष में पड़े 215 वोट, विरोध में एक भी नहीं, PM मोदी ने कहा- देश की लोकतांत्रिक यात्रा में एक निर्णायक क्षण!

ANI

लोकसभा से पास होने के बाद गुरुवार को महिला आरक्षण बिल यानी की नारी शक्ति वंदन पर राज्यसभा में चर्चा के बाद इस पर राज्यसभा में वोटिंग हुई। बिल के पक्ष में 215 वोट डाले गए। विरोध में एक भी सांसद ने वोट नहीं डाला। सर्वसम्मति से यह बिल अब राज्यसभा से भी पारित हो गया।

इससे पहले ही संसद और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाला यह बिल लोकसभा में पास हुआ था। पक्ष में 454 वोट पड़े थे, जबकि विरोध में असदुद्दीन ओवैसी और उन्हीं की पार्टी के एक अन्य सांसद ने वोट किया था।

पीएम मोदी ने कहा ''इस बिल से देश के लोगों में एक नया विश्वास पैदा होगा। सभी सदस्यों और राजनीतिक दलों ने महिलाओं को सशक्त बनाने और 'नारी शक्ति' को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आइए देश को एक मजबूत संदेश दें।"

Advertisement

ट्वीट कर पीएम ने लिखा, हमारे देश की लोकतांत्रिक यात्रा में एक निर्णायक क्षण! 140 करोड़ भारतीयों को बधाई। मैं उन सभी राज्यसभा सांसदों को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लिए वोट किया। इस तरह का सर्वसम्मत समर्थन वास्तव में ख़ुशी देने वाला है। संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पारित होने के साथ, हम भारत की महिलाओं के लिए मजबूत प्रतिनिधित्व और सशक्तिकरण के युग की शुरुआत करते हैं। यह महज एक विधान नहीं है; यह उन अनगिनत महिलाओं को श्रद्धांजलि है जिन्होंने हमारे देश को बनाया है। भारत उनके लचीलेपन और योगदान से समृद्ध हुआ है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि यह बिल स्त्रियों के लिए है लेकिन यह सिर्फ चुनावी जुमले तक सीमित नहीं रहना चाहिए। एक बार गृहमंत्री अमित शाह ने इसी तरह का एक वादा किया था लेकिन बाद में जब उन्हें उनका वादा याद कराया गया तो उन्होंने कहा था कि वह चुनावी जुमला था लेकिन हम चाहते हैं कि यह विधेयक चुनावी जुमला नहीं बनना चाहिए।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 21 September, 2023
Advertisement