Advertisement
05 March 2024

लोकसभा चुनाव से पहले योगी कैबिनेट का विस्तारः ओपी राजभर, आरएलडी के अनिल कुमार सहित 4 मंत्रियों को मिली जगह

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता वाली परिषद में मंगलवार को चार नये मंत्रियों को शामिल किया गया। एसबीएसपी प्रमुख ओम प्रकाश राजभर, भाजपा नेता दारा सिंह चौहान, रालोद विधायक अनिल कुमार और भाजपा के सुनील कुमार शर्मा ने राज्य मंत्रिमंडल में मंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही योगी मंत्रिमंडल में अब 56 मंत्री हो गए हैं।

राजभवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने आदित्यनाथ की मौजूदगी में उन्हें मंत्री पद की शपथ दिलाई। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक मौजूद थे। एसबीएसपी के राजभर और आरएलडी के कुमार के अलावा, भाजपा से दारा सिंह चौहान और सुनील कुमार शर्मा राज्य मंत्रिमंडल में नए सदस्य हैं।

राजभर जहां गाजीपुर जिले के जहूराबाद विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं, वहीं अनिल कुमार मुजफ्फरनगर के पुरकाज़ी (एससी) से विधायक हैं। सुनील कुमार शर्मा गाजियाबाद जिले के साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक हैं। दारा सिंह चौहान यूपी विधान परिषद के सदस्य हैं।

Advertisement

मुख्यमंत्री के रूप में आदित्यनाथ के दूसरे कार्यकाल में यह पहला कैबिनेट विस्तार है। इसे आगामी लोकसभा चुनाव से पहले राज्य के कई क्षेत्रों में अपनी स्थिति मजबूत करने की भाजपा की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। राष्ट्रीय लोक दल और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी अब सत्तारूढ़ एनडीए का हिस्सा हैं।

उत्तर प्रदेश कैबिनेट में मंत्री पद की शपथ लेने के बाद बीजेपी के सुनील कुमार शर्मा ने कहा, ''मुख्यमंत्री और पार्टी ने मुझे जो जिम्मेदारी दी है, उसे जिम्मेदारी से निभाऊंगा. पार्टी...इस बार लोकसभा चुनाव में हम सभी 80 सीटें जीतेंगे...।'' कैबिनेट विस्तार से पहले ओम प्रकाश राजभर ने कहा, 'ये बड़ी ज़िम्मेदारी है. प्रदेश में गरीब, दलित, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के लिए सरकार कटिबद्ध है।'

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 05 March, 2024
Advertisement