कब होगा भारत और यूरोपीय संघ एफटीए डील? वॉन डेर लेयेन ने दिया ये बड़ा बयान
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने शुक्रवार को कहा कि यूरोपीय संघ (ईयू) और भारत के बीच मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) दुनिया में अपनी तरह का सबसे बड़ा समझौता होगा और दोनों पक्ष इस साल इसे अंतिम रूप देने पर विचार कर रहे हैं।
वॉन डेर लेयेन ने कहा कि यूरोपीय संघ और भारत की रणनीतिक साझेदारी को अगले स्तर पर ले जाने का समय आ गया है। उन्होंने कहा, ‘‘यह हमारे सहयोग पर सीमाएं लगाने का समय नहीं है। यह क्षेत्रीय या वैश्विक चिंता के हर मुद्दे पर सहमति की तलाश में फंसने का समय नहीं है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह व्यावहारिक और महत्वाकांक्षी होने का समय है और आज की वास्तविकताओं के अनुरूप अपनी प्राथमिकताओं को फिर से संरेखित करने का समय है।’’ Eयूरोपीय आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि व्यापार और प्रौद्योगिकी, सुरक्षा तथा संपर्क एवं वैश्विक भागीदारी के क्षेत्र में सहयोग यूरोपीय संघ एवं भारत की भागीदारी को अगले स्तर पर ले जा सकता है।
वॉन डेर लेयेन ने मुक्त व्यापार समझौते पर कहा कि वह इसके लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘यूरोपीय संघ और भारत के बीच मुक्त व्यापार समझौता दुनिया में इस तरह का सबसे बड़ा समझौता होगा। मैं अच्छी तरह से जानती हूं कि यह आसान नहीं होगा।’’
लेयेन ने कहा, ‘‘लेकिन मैं यह भी जानती हूं कि समय एवं दृढ़ संकल्प मायने रखता है और यह साझेदारी हम दोनों के लिए सही समय पर हो रही है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यही कारण है कि हमने इस वर्ष इसे पूरा करने के लिए जोर देने पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ सहमति व्यक्त की है। आप मेरी पूर्ण प्रतिबद्धता पर भरोसा कर सकते हैं कि हम इसे अंजाम देना सुनिश्चित करेंगे।‘’’
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष ने संपर्क सुविधा के बारे में कहा कि भारत-पश्चिम एशिया-यूरोप गलियारा भारत, अरब की खाड़ी और यूरोप को सीधे जोड़ने वाला एक आधुनिक सुनहरा मार्ग हो सकता है।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि 2025 यूरोप और भारत के बीच एक अविभाज्य साझेदारी बनाने का एक ऐतिहासिक अवसर है।’’