Advertisement
07 February 2018

साल 2017 में सांप्रदायिक हिंसा की 822 घटनाएं, 111 लोगों की मौत: सरकार

FILE PHOTO

सरकार ने लोकसभा में बताया है कि पिछले साल (2017) देश भर में 822 सांप्रदायिक घटनाएं हुई जिनमें 111 लोगों की मौत हो गई और 2,384 लोग घायल हो गए।

लोकसभा में एक सवाल के जवाब में गृह राज्य मंत्री हंसराज अहीर ने कहा कि 2017 में सांप्रदायिक हिंसा की सबसे ज्यादा 195 घटनाएं उत्तर प्रदेश में हुईं जहां 44 लोग मारे गए और 542 घायल हुए। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में बीते साल 100 सांप्रदायिक घटनाएं हुईं जिनमें 9 लोगों को मौत हुई और 229 घायल हो गए। राजस्थान में ऐसी 91 घटनाएं हुईं जिनमें 12 लोग की जान गई और 175 घायल हुए।

मंत्री ने कहा कि 2017 में बिहार में 85 सांप्रदायिक घटनाएं हुईं जिनमें तीन लोग मारे गए और 321 घायल हो गए। मध्य प्रदेश में 60 घटनाएं हुईं और इनमें नौ लाग मारे गए और 191 घायल हो गए।

Advertisement

उन्होंने कहा कि पिछले साल पश्चिम बंगाल में सांप्रदायिक हिंसा की 58 घटनाएं हुईं जिनमें नौ लोग मारे गए और 230 घायल हो गए। गुजरात में 50 घटनाएं हुईं और आठ लोग मारे गए और 125 घायल हो गए।

सरकार के मुताबिक 2016 में दंगों की 703 घटनाओं की वजह से 86 लोगों की मौत हुई और 2,321 अन्य घायल हो गए, जबकि 2015 में 751 सांप्रदायिक घटनाओं में 97 लोग मारे गए और 2,264 लोग घायल हो गए।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: 111 killed, 822 communal incidents, 2017, Govt
OUTLOOK 07 February, 2018
Advertisement