Advertisement
12 December 2016

उत्तर भारत में कोहरे से सड़क दुर्घटनाओं में 13 लोगों की मौत, 16 ट्रेनें रद्द

PTI

इस बीच, ताजा बर्फबारी के चलते हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर में शीत लहर तेज हो गई है। घने कोहरे से उत्तर भारत में दृश्यता प्रभावित हुई है। सुबह साढ़े पांच बजे और साढ़े आठ बजे दृश्यता 400 मीटर दर्ज की गई। सुबह के वक्त घना कोहरा होने के चलते दिल्ली में 16 ट्रेनें रद्द करनी पड़ी। हालांकि इंदिरा गांधी अंतरराष्टीय हवाई अड्डे पर विमानों का परिचालन सामान्य रहा।

शहर में न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 27.। डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। एक वरिष्ठ रेल अधिकारी ने बताया, कोहरे के चलते कम से कम 16 ट्रेनें रद्द हुई हैं। 90 ट्रेनें देर से चल रही हैं और 49 के समय में बदलाव किया गया है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार को सर्द हवाओं ने अपनी गिरफ्त में ले लिया है और क्षेत्र पर घना कोहरा छाया हुआ है।

पुलिस ने बताया कि उत्तर प्रदेश के नोएडा, काकोरी और मलीहाबाद इलाकों में कोहरे के चलते हुई अलग-अलग दुर्घटनाओं में आठ लोगों की मौत हुई है।

Advertisement

मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटे में राज्य के ज्यादातर जगहों पर कम से मध्यम स्तर का कोहरा देखा गया। हमीरपुर जिला सबसे सर्द रहा जहां न्यूनतम तापमान 8. 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बिहार के औरंगाबाद जिले में कम दृश्यता के  चलते राष्टीय राजमार्ग संख्या 2 पर एक कार और एक ट्रक के बीच टक्कर हो गई जिसमें कार में सवार दो महिलाओं सहित पांच लोगों की मौत हो गई। घने कोहरे के चलते हरियाणा और पंजाब में कई जगहों पर जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। हालांकि ज्यादातर स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य सीमा से अधिक दर्ज किया गया।

कोहरे के चलते दोनों राज्यों में कई स्थानों पर वाहनों का सामान्य परिचालन प्रभावित हुआ। पुलिस ने बताया कि हरियाणा के कुरूक्षेत्र जिले में जीटी रोड पर धनतोरी गांव के पास कोहरे के  चलते 15 वाहन एक दूसरे से भिड़ गए। हालांकि किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।

भाषा

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: कोहरा, उत्तर भारत, ट्रेन, रद्द
OUTLOOK 12 December, 2016
Advertisement