Advertisement
24 December 2021

देश में अब तक आए 358 ओमिक्रोन के केस, दुनिया में चल रही है कोरोना की चौथी लहर: स्वास्थ्य मंत्रालय

ट्विटर

 

देशभर में कोरोना संक्रमण के ओमिक्रोन वेरिएंट के मामलों में लगातार बढ़ोतरी दिख रही है। मामलों में लगातार हो रहे इजाफे को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण ने कहा कि भारत में 17 राज्यों में अब तक 358 ओमिक्रोन के केस रिपोर्ट हुए हैं। इनमें से 114 मरीज संक्रमण से ठीक हो चुके हैं। वहीं, 244 मरीजों का इलाज इस समय चल रहा है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण ने कहा कि दुनिया में कोरोना की चौथी लहर चल रही है। इसलिए हमें सावधानी और सर्तकता बरतनी है। उन्होंने कहा कि देश की 89% वयस्क आबादी को वैक्सीन की कम से कम एक डोज़ मिल गई है। 61% वयस्क आबादी को वैक्सीन की दोनों डोज़ मिल गई हैं।

Advertisement

अधिकारी ने कहा कि 183 ऑमिक्रोन मामलों का विश्लेषण किया गया है जिसमें से 121 ने विदेश की यात्रा की थी। 44 विदेश नहीं गए थे परन्तु ज्यादातर के कॉन्टैक्ट ने विदेश यात्रा की थी। 183 में से 87 लोगों ने कोविड की दोनों डोज़ ली थी। 3 लोगों ने तीन डोज़ लगवाई हुई थी।

स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण ने ओमिक्रोन वेरिएंट को लेकर कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन का कहना है और हमने भी अपने देश में देखा है कि जो ट्रीटमेंट प्रोटोकॉल हमने कोविड और डेल्टा के लिए अपनाए थे वो ट्रीटमेंट प्रोटोकॉल ऑमिक्रोन पर भी प्रभावी होंगे। उन्होंने कहा कि अब तक विश्व के 108 देशों में 1,51,000 से ज्यादा ऑमिक्रोन के मामले दर्ज़ किए गए हैं।

साथ ही ये भी कहा कि देश में 20 ज़िले ऐसे हैं जहां केस पॉजिटिविटी रेट 5-10% है। इनमें से 9 केरल में और 8 मिजोरम में हैं। 2 ज़िले ऐसे हैं जहां केस पॉजिटिविटी 10% से ज्यादा है, ये 2 ज़िले मिजोरम में हैं। विश्व में केस पॉजिटिविटी रेट 6% से ज्यादा है। भारत में केस पॉजिटिविटी 5.3% है। पिछले 2 सप्ताह में भारत में केस पॉजिटिविटी 0.6% है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि यूरोप, अफ्रीका और नॉर्थ अमेरिका में लगातार कोविड मामले लगातार बढ़ रहे हैं। एशिया में कोविड मामले अभी भी लगातार घट रहे हैं। भारत में पिछले 2 सप्ताह से प्रतिदिन नए मामले लगभग 7000 हैं। भारत में भी कोविड मामले लगातार घट रहे हैं। उन्होंने कहा कि विश्व में वर्तमान में चौथी बार कोविड मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। कोविड मामले फिर से पीक(एक दिन में सबसे ज्यादा मामले) छू रहे हैं। 23 दिसंबर को पूरे विश्व में एक दिन में 9,64,000 मामले दर्ज़ किए गए हैं। 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Omicron cases, 17 States/UTs, India Union Health Secretary, Rajesh Bhushan, COVID19
OUTLOOK 24 December, 2021
Advertisement