Advertisement
10 November 2019

अयोध्या फैसले के बाद माहौल बिगाड़ने के आरोप में यूपी, एमपी में 87 लोग गिरफ्तार

अयोध्या विवाद पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद से दो दिनों में उत्तर प्रदेश में पुलिस ने 77 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन लोगों को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये सांप्रदायिक सदभाव नष्ट करने के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मध्य प्रदेश में भी 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

यूपी में 77 लोग बंदी बनाए गए

पुलिस ने लखनऊ में एक बयान जारी करके कहा कि पिछले दो दिनों में 34 केस दर्ज करके 77 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की सोशल मीडिया विंग द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पोस्ट डालकर सांप्रदायिक सदभाव बिगाड़ने के प्रयास के आरोप में 22 केस दर्ज किए गए और 40 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कुल 8275 पोस्टों पर कार्रवाई की। इमें से 4563 पोस्टों पर कार्रवाई रविवार को की गई। ये पोस्ट फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर डाले गए थे।

Advertisement

मध्य प्रदेश में 10 लोग हिरासत में

मध्य प्रदेश में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने और पटाखे छुड़ाने के लिए दस लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से आठ लोगों को सिवनी और दो लोगों को ग्वालियर में गिरफ्तार किया गया। मध्य प्रदेश में भी पुलिस सोशल मीडिया की पोस्ट की सख्ती से निगरानी कर रही है।

अयोध्या में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ी

उधर, सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के दूसरे दिन रविवार को अयोध्या के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई। हालांकि पुलिस अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूरी तरह चौकस और सख्त रही। हनुमानगढ़ी और नया घाट पर सुबह से ही खासी भीड़ रही। लोग भगवान राम और हनुमान की पूजा अर्चना के लिए आते रहे। शाम होते ही वहां भजन-कीर्तन भी तेज हो गई। राम लला के पुजारी आचार्य सत्येंद्र ने कहा कि भगवान को एक भक्त द्वारा लाए गए नए वस्त्र पहनाए गए। लेकिन पुलिस ने गश्त, निगरानी और लोगों तलाशी में किसी तरह की ढील नहीं बरती।

सामान्य रहा अयोध्या में जनजीवन

अयोध्या के बाकी क्षेत्रों में आम जनजीवन सामान्य रहा। हालांकि लोगों में काफी दिलचस्पी दिखाई दी। लोग सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बारे में जानने के लिए अखबारों को खंगालते दिखे। अयोध्या में एक होटल के मैनेजर संदीप सिंह ने कहा कि यह रविवार इस लिहाज से खास रहा कि आज हम नए अयोध्या में जागे। अयोध्या विवाद का समाधान होने के बाद यहां सभी राहत की सांस ले रहे हैं।

मुस्लिम ने रबीउल अव्वल जुलूस रद्द किया

पैंगबर मोहम्मद साहब के जन्म दिन पर आज अयोध्या में पारंपरिक रूप से निकलने वाला बाड़ा रबीउल अव्वल जुलूस इस बार रद कर दिया गया। मुस्लिम नेताओँ ने कहा कि यह फैसले एहतियाती कदम के तौर पर और मुस्लिम समुदाय में कुछ उदासी के चलते लिया गया। हालांकि अयोध्या प्रशासन ने कहा कि जुलूस निकाला गया। लेकिन इसे संभवतः संक्षिप्त रखा गया। जुलूस रद करने की बात कहने वाले मुस्लिम नेताओं में प्रमुख मुस्लिम मौलवी मुफ्ती शमशुल कमर कादरी भी थे। कादरी अयोध्या की मुख्य मस्जिद के इमाम हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Ayodhya verdict, social media, prophet mohammad, police action
OUTLOOK 10 November, 2019
Advertisement