Advertisement
06 November 2021

महाराष्ट्र : अहमदनगर के सरकारी अस्पताल में लगी भीषण आग, 10 मरीजों की झुलसने से मौत, जानें- कहां हुई चूक

अहमदनगर का सरकारी अस्पताल | एएनआई

महाराष्ट्र के अहमदनगर के जिला अस्पताल में आज लगने से 10 मरीजों की मौत हो गई है। अहमदनगर कलेक्टर राजेंद्र भोसले ने इस घटना की पुष्टि की है। यह आग सिविल अस्पताल के कोरोना वार्ड में लगी थी, जिसमें 10 कोरोना मरीजों की मौत हो गई वहीं 6 मरीज गंभीर रूप में झुलस गए हैं।

अहमदनगर के कलेक्टर राजेंद्र भोसले ने बताया, "शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। वार्ड में 17 मरीज़ थे। एक मरीज की हालत नाजुक है। 10 मरीज़ों की मृत्यु हुई और 6 मरीज़ों को अन्य अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।"

अहमदनगर नगर निगम के अग्निशमन विभाग के प्रमुख शंकर मिसाल ने कहा कि आग सुबह करीब 11 बजे लगी। फिलहाल, अभी तक आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है। राहत की बात यह है कि आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है। 

Advertisement

विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने ट्वीट कर इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि नगर के जिला अस्पताल के आईसीयू वार्ड में लगी भीषण आग बेहद चौंकाने वाली और दिल दहला देने वाली है। इस घटना में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। मैं उनका दुख साझा करता हूं। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल जल्द ठीक हो जाएं। उन्होंने आगे लिखा कि हम घटना की गहन जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हैं।

इस बड़ी घटना पर महाराष्ट्र के मंत्री  नवाब मलिक ने कहा कि अहमदनगर के सरकारी अस्पताल के आईसीयू यूनिट में आग लगने से 10 लोगों की मृत्यु हुई। एक गंभीर रूप से घायल है। हम जांच करेंगे कि अस्पताल का 'फायर ऑडिट' किया गया था कि नहीं। जो दोषी होंगे उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई होगी। मृतक के पिरजनों को सीएम आर्थिक मदद देंगे। 

TAGS: अहमदनगर में आग, सरकारी अस्पताल में आग, अहमदनगर में 10 लोगों की मौत, Fire in Ahmednagar, Fire in Government Hospital, 10 killed in Ahmednagar
OUTLOOK 06 November, 2021
Advertisement