Advertisement
06 January 2016

'अतुल्य भारत' से आमिर खान की छुट्टी, कॉन्ट्रैक्ट खत्म

गूगल

केन्द्रीय पर्यटन मंत्री महेश शर्मा ने कहा, हमारा अतिथि देवो भव अभियान के लिए मैकन वर्ल्डवाइड के साथ अनुबंध था। एजेंसी ने इस काम के लिए आमिर की सेवा ली थी। अब एजेंसी के साथ अनुबंध खत्म हो गया है। मंत्रालय ने आमिर की सेवा नहीं ली थी।

यह बात विशिष्ट तौर पर पूछे जाने पर कि क्या आमिर अभी तक पर्यटन मंत्रालय के ब्रांड एम्बेसडर हैं, मंत्राी ने कहा, निश्चित तौर पर नहीं। उल्लेखनीय है कि अतिथि देवो भव अभियान अतुल्य भारत अभियान का अंग है जिसे संप्रग शासनकाल में शुरू किया गया था।

इससे पहले मंत्रालय ने इस मुद्दे पर एक अस्पष्ट बयान दिया था। मंत्रालय ने एक बयान में कहा था, आमिर खान को लेकर मीडिया में आयी कुछ खबरों पर पर्यटन मंत्रालय यह स्पष्ट करना चाहता है कि इस मामले में मंत्रालय के रुख में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है।

Advertisement

बयान के अनुसार मंत्रालय यह भी स्पष्ट करना चाहता है कि फिलहाल उसका क्रिएटिव एजेंसी मैकन वर्ल्डवाइड के साथ समाजिक जागरूकता अभियान बनाने के लिए अनुबंध है और इस अभियान में आमिर खान हैं।

दो माह पहले आमिर ने देश में कथित असहिष्णुता को लेकर विवादास्पद बयान दिया था जिसके कारण उनकी कई वरिष्ठ केन्द्रीय मंत्रियों ने आलोचना की थी। आमिर ने एक आयोजन में कहा था कि उनकी पत्नी किरण राव ने कहा था कि क्या उन्हें देश से बाहर चले जाना चाहिए क्योंकि असुरक्षा के माहौल में उसे अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर भय है।

संपर्क किये जाने पर मैकन वर्ल्डवाइड एजेंसी के प्रमुख प्रसून जोशी ने कहा, मैकन का सामाजिक जागरूकता अभियान अतिथि देवो भव के साथ अनुबंधात्मक करार था। आमिर खान ने इसके लिए उदारतापूर्वक योगदान दिया था। हमने मंत्रालय को अभियान सौंप दिया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: अभिनेता, आमिर खान, अतुल्य भारत, ब्रांड एंबेसडर, पर्यटन मंत्री, महेश शर्मा, सरकार, अभियान, अनुबंध, पर्यटन और संस्कृति मंत्रालय, Actor, Amir Khan, Incredible India, Brand Ambassador, Tourism Minister, Mahesh Sharma, Government, Campaign, mascot, McCann Worldwide, Ministry
OUTLOOK 06 January, 2016
Advertisement