Advertisement
28 December 2019

दिल्ली में सीजन का सबसे ठंडा दिन, तापमान 2.4 डिग्री तक गिरा, उत्तर भारत में जारी रहेगी शीत लहर

दिल्ली में तापमान आज 2.4 डिग्री तक गिरा, उत्तर भारत में जारी रहेगी शीत लहर

देश के उत्तरी और पूर्वी राज्यों में सर्दी का कहर जारी है। दिल्ली में आज सुबह 6.10 बजे तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। सीजन का यह सबसे ठंडा दिन है। शुक्रवार सुबह दिल्ली का तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शुक्रवार को श्रीनगर में न्यूनतम तापमान -5.6 डिग्री रहा जो सीजन की सबसे ठंडी रात रही। शीतलहर से यूपी में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है।

फिलहाल राहत मिलने का आसार नहीं

मैदानी इलाकों में सबसे कम तापमान राजस्थान के चुरू में माइनस 0.6 डिग्री दर्ज किया गया। हरियाणा के हिसार में 0.3 डिग्री और यूपी के कई जिलों में तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने समूचे उत्तर भारत में शीत लहर अभी कुछ दिनों जारी रहने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, दक्षिणी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में सतह पर मौजूद पानी जम सकता है।

Advertisement

घने कोहरे से यातायात पर असर

सर्दी के साथ उत्तर और पूर्वी भारत में घने कोहरे की चेतावनी भी जारी की गई है। 30 दिसंबर के बाद अगले 4-5 दिनों तक दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, उत्तरी मध्यप्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई स्थानों पर कोहरे के चलते यातायात प्रभावित हो सकता है।

तटीय इलाकों में बारिश की संभावना

31 दिसंबर से 1 जनवरी तक उत्तर पूर्वी और मध्य भारत में बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी अफगानिस्तान के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। यह सिस्टम 30 दिसंबर से पश्चिमी हिमालय पर असर डालेगा। पूर्वी असम में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दिखाई दे रहा है। इससे तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, ओडिशा उत्तर पूर्वी राज्यों में बारिश हो सकती है।

TAGS: freezing cold, Saturday morning, 2.4 degrees Celsius
OUTLOOK 28 December, 2019
Advertisement