Advertisement
14 July 2016

योगी लाओ, यूपी बचाओ संघ में गूंजा नारा

योगी लाओ, यूपी बचाओ संघ में गूंजा नारा | भाजपा कार्यकर्ता चाहते हैं योगी आदित्यनाथ हों उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री उम्मीदवार

मिशन सेफ इंडिया के प्रमुख राजेंद्र मावी का कहना है कि वह पहले 'मोदी लाओ देश बचाओ' की मुहिम चला चुके हैं। अब वह 'योगी लाओ प्रदेश बचाओ' की तस्वीर प्रदेश में देख रहे हैं। यूपी के लोगों के मन में क्या है इसे संघ प्रमुख तक पहुंचाने के मकसद से ही वह दिल्ली से कानपुर पहुंचे हैं। ज्ञात हो कि कानपुर में संघ और उसके आनुषंगिक संगठनों की बैठक चल रही है। उन्होंने कहा कि वक्त मिलने पर वह इस बारे में विस्तार से संघ प्रमुख को बताएंगे।

मावी का दल गैर राजनीतिक है। उनका कहना है कि दिल्ली और आसपास कई जगहों पर मंदिरों में पूजा आरती नहीं करने दी जा रही है। कई कॉलोनियों के लोग विवश हैं इसे भी संघ प्रमुख के संज्ञान में लाया जाएगा। सूत्रों के हवाले से चर्चा यह भी है कि भाजपा के उत्तर प्रदेश के संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने संघ प्रमुख से मुलाकात कर ली है।

संघ भी उत्तर प्रदेश में विजय पताका फहराने के लिए रोडमैप तैयार कर रहा है। तीसरे दिन की बैठक में प्रांत प्रचारकों और आनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान ज्योति मठ बद्रिका आश्रम के प्रमुख ब्रम्हचारी आत्मानंद सरस्वती संघ प्रमुख मोहन भागवत से मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा कि हम राम मंदिर बनाने के लिए संघ प्रमुख से सहयोग मांगने आए हैं। कानपुर में संघ प्रमुख से मिलने आने वालों का तांता लगा हुआ है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश के पूर्व महामंत्री राकेश जैन ने भी मोहन भागवत से मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री की हर महीने कम से कम एक रैली कराए जाने की योजना है। मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ही मुख्य चेहरे होंगे।

Advertisement


ऐसा इसलिए है क्योंकि पार्टी चाहती है कि पूरे राज्य में यह संदेश जाए कि बीजेपी विधानसभा चुनाव में पूरी तरह से सक्रिय है। कई जगहों पर पार्टी का संगठन मजबूत नहीं है इसलिए पार्टी कोई मौका चूकना नहीं चाहती। लोकसभा चुनाव के वक्त मोदी लहर थी जिसका फायदा उत्तर प्रदेश में भी मिला था। लेकिन अब ऐसा नहीं है यह पार्टी समझ रही है। वह आम जनता में संदेश देना चाहती है कि समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के खिलाफ भाजपा पूरी तरह तैयार है। यही वजह है कि प्रधानमंत्री भी अपनी पूरी ताकत इसमें झोंक देंगे। इससे स्थानीय स्तर पर अच्छा संदेश जाएगा और वहां के कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ेगा। प्रधानमंत्री के अलावा पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के लिए भी कार्यक्रम तैयार किए जा रहे हैं। इसके लिए योजना है कि अमित शाह हर महीने राज्य में दो से तीन कार्यक्रम करें। इसमें बूथ स्तर के सम्मेलन भी होंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी। यह सब संगठन की मजबूती के लिए किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के दिग्गज नेता राजनाथ सिंह इस में हर स्तर पर सहायता करेंगे। राजनाथ सिंह का हर स्तर के कार्यकर्ताओं में पकड़ है। लगभग हर क्षेत्र में उनका वर्कर नेटवर्क है। इस नेटवर्क का सही उपयोग करने के लिए राजनाथ सिंह भी हर महीने कम से कम चार कार्यक्रम उत्तर प्रदेश में करेंगे। 

TAGS: yogi adityanaath, kanpur, mohan bhagwat, योगी आदित्यनाथ, कानपुर, मोहन भागवत
OUTLOOK 14 July, 2016
Advertisement