Advertisement
24 November 2025

बॉलीवुड के दिग्गज धर्मेंद्र का निधन: राष्ट्रपति मुर्मू-पीएम मोदी समेत इन नेताओं ने जताया दुख

बॉलीवुड के हीमैन धर्मेंद्र नहीं रहे। धर्मेंद्र ने सोमवार को मुंबई स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। वह 89 वर्ष के थे। मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में उन्होंने आखिरी सांस ली। उनके निधन का समाचार सुनकर फिल्म जगत से लेकर राजनेताओं और प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गयी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर सोमवार को दुख जताया और कहा कि उनका जाना भारतीय सिनेमा के लिए बड़ी क्षति है तथा उनकी विरासत युवाओं को प्रेरित करती रहेगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा है, ''वरिष्ठ अभिनेता और पूर्व सांसद धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति है ।सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक, उन्होंने अपने दशकों लंबे शानदार करियर में कई यादगार परफॉर्मेंस दीं।''

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को धर्मेंद्र को एक प्रतिष्ठित फिल्मी शख्सियत और एक अद्भुत अभिनेता के रूप में याद करते हुए कहा कि उनके निधन से भारतीय सिनेमा में एक युग का अंत हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिवंगत एक्टर को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा है, 'धर्मेंद्र जी के जाने से भारतीय सिनेमा में एक युग का अंत हो गया है। वह एक आइकॉनिक फिल्म पर्सनैलिटी थे। एक जबर्दस्त एक्टर थे, जो अपने हर रोल में आकर्षण और गहराई लाते थे। जिस तरह से उन्होंने अलग-अलग किरदान निभाए, अनगिनत लोगों के दिलों को छू लिया। धर्मेंद्र जी अपनी सादगी, विनम्रता और प्यार के लिए भी उतने ही जाने जाते थे। इस दुख की घड़ी में, मेरी दुआएं उनके परिवार, दोस्तों और अनगिनत फैंस के साथ हैं। ओम शांति'।

Advertisement

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाहने मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर सोमवार को दुख जताया और कहा कि उन्होंने अपनी फिल्मों के माध्यम से करोड़ों लोगों का दिल जीता तथा अपने अभिनय की बदौलत सदैव ‘‘हमारे बीच रहेंगे।’’ एक सामान्य परिवार से आकर उन्होंने फिल्म जगत में अपनी पहचान बनाई। ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिजनों व प्रशंसकों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति शांति शांति।'

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी एक्टर के निधन पर शोक व्यक्त किया। एक एक्स पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'भारतीय फिल्म जगत ने आज एक बहुमूल्य सितारा खो दिया। मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र अब हमारे बीच नहीं रहे। 2012 में पद्मभूषण से सम्मानित, धर्मेंद्र ने दशकों तक सिनेमा प्रेमियों के दिलों पर राज किया और अपने अभूतपूर्व अभिनय व सादगीपूर्ण जीवन से एक गहरी छाप छोड़ी।

 

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर सोमवार को दुख जताया और कहा कि सिनेमा में उनके अद्वितीय योगदान को हमेशा सम्मान और मोहब्बत के साथ याद रखा जाएगा।

 

'आप हमेशा हमारे दिल में रहेंगे', धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि देते हुए बोले कपिल शर्मा

कपिल शर्मा ने धर्मेंद्र के साथ फोटो शेयर कर लिखा है, 'अलविदा धर्म पाजी। आपका जाना बहुत ही दुखदायी है। ऐसा लग रहा है, जैसे दूसरी बार पिता को खो दिया है। आपने जो प्यार और आशीर्वाद दिया वह हमेशा मेरे दिल में और यादों में रहेगा। कैसे एक पल में किसी के दिल में बस जाते हैं। यह आपसे बेहतर कोई नहीं जानता था। हमारे दिल में आप हमेशा रहेंगे। ईश्वर आपको अपने चरणों में स्थान दें।

फरहान अख्तर बोले- 'इंडस्ट्री की अपूर्णीय क्षति है धर्मेंद्र जी का जाना'

फरहान अख्तर ने धर्मेंद्र के निधन पर सोशल मीडिया पोस्ट शेयर कर लिखा है, 'उनका जाना फिल्म वर्ल्ड के लिए बहुत बड़ी क्षति है। देओल परिवार को यह दुख सहने की हिम्मत मिले'।

समाचार एजेंसी एएनआई ने फ़िल्म निर्माता और प्रोड्यूसर करण जौहर के एक सोशल मीडिया पोस्ट का हवाला देते हुए धर्मेंद्र की मृत्यु की पुष्टि की है। 

सोशल मीडिया साइट इंस्टाग्राम पर किए एक पोस्ट में करण जौहर लिखते हैं, ''यह एक युग का अंत है, एक दिग्गज मेगा स्टार, मेनस्ट्रीम सिनेमा के नायक, अविश्वसनीय रूप से सुंदर और स्क्रीन पर सबसे आकर्षक उपस्थिति। वह भारतीय सिनेमा के एक वास्तविक लीजेंड हैं और हमेशा रहेंगे। हमारी इंडस्ट्री में हर कोई उन्हें बहुत प्यार करता था। हमारी इंडस्ट्री में आज एक गहरा खालीपन हो गया। एक ऐसा खालीपन जिसे कोई नहीं भरा सकता।''

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Bollywood legend Dharmendra, passes away: President Murmu, PM Modi, other leaders, express grief
OUTLOOK 24 November, 2025
Advertisement