Advertisement
25 December 2016

देशभर में क्रिसमस की धूम

देशभर में क्रिसमस की धूम | गूगल

क्रिसमस के पारंपरिक गीतों जिंगल बेल्स, ओह होली नाइट और सांता क्लाज इज कमिंग टू टाउन की धुन खूब गुंजी। सफेद दाढी वाले और लाल कपड़े पहने सांता क्लाज ने जगह जगह बच्चों को उपहार बांटे।

राष्ट्रीय राजधानी में भी क्रिसमस की धूम रही और बड़ी संख्या में लोगों को सेंटा टोपी लगाये देखा गया। बाजारों में भी भीड़ थी।

धुंध भरे सर्द मौसम में आधी रात के बाद से क्रिसमस कैरोल की गूंज सुनाई दी। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों तथा नेताओं ने इस मौके पर राष्ट्र को शुभकामनाएं दीं। लोगों ने सोशल नेटवर्किंग साइटों तथा एप्लीकेशनों के जरिये एक दूसरे को शुभकामनाएं दीं।

Advertisement

देश के पूर्वोत्तर क्षेत्र में भी क्रिसमस की धूम रही। मेघालय में गिरिजाघरों में मध्यरात्रि में लोगों ने एकत्रित होकर ईसा मसीह का जन्मदिन धूमधाम से मनाया। पूर्वोत्तर में ईसाई समुदाय के लोगों की अच्छी खासी आबादी है।

मेघालय की राजधानी शिलांग में क्रिसमस के साथ ही एक सप्ताह का उत्सव शुरू हो गया। सरकार और निजी इमारतों को खूब सजाया गया और जगह जगह क्रिसमस ट्री लगाए गए हैं।

क्रिसमस उत्सव में शामिल होने के लिए इस राज्य में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे।

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में भी पारंपरिक उत्साह के साथ क्रिसमस का त्यौहार मनाया गया। जीवन के सभी क्षेत्रों से जुड़े हुए लोग मध्यरात्रि से ही उत्सव मना रहे हैं। शाम तक चर्च, पार्क, चिडि़याघरों और अन्य स्थानों पर लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। सेंट पॉल कैथेडल, सेंट जेम्स चर्च समेत शहर के अन्य धार्मिक स्थलों पर मध्यरात्रि की प्रार्थना में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। हमेशा की तरह पार्क स्ट्रीट पर लोगों का भारी हुजूम देखने को मिला।

पूर्वोत्तर के राज्य नगालैंड में विशेष सेवाओं और प्रार्थना के साथ क्रिसमस मनाया गया। लोग अपने करीबी मित्रों और रिश्तेदारों के घर जा रहे हैं और एक-दूसरे को बधाई और उपहार दे रहे हैं। साथ ही क्रिसमस के विशेष केक और कार्ड का आदान-प्रदान भी हुआ। नगालैंड के राज्यपाल पी बी आचार्य ने इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी और कहा कि यह त्यौहार ईश्वर को धन्यवाद देने का है।

गोवा के सभी गिरजाघरों में भी ईसा मसीह का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया और इसके साथ ही नए वर्ष के उत्सव की शुरूआत भी हो गई। मध्य रात्रि में हुई प्रार्थनाओं में लाखों श्रद्धालु शामिल हुए। इसके बाद कई स्थानों पर परंपरागत नृत्य भी हुए। गोवा की 27 फीसदी आबादी रोमन कैथोलिक है।

स्थानीय लोग क्रिसमस का त्यौहार मनाने में व्यस्त रहे जबकि नववर्ष के जश्न में शामिल होने के लिए इस तटीय राज्य में पहुंचे। दूसरी ओर कड़ाके की सर्दी के बीच भी जम्मू के विभिन्न गिरजाघरों में धार्मिक उत्साह के साथ क्रिसमस को त्यौहार मनाया गया जबकि घाटी की स्थिति का असर श्रीनगर में देखने को मिला। हालांकि श्रीनगर के गिरजाघरों में विश्व शांति के लिए विशेष प्रार्थनाओं का आयोजन किया गया। शहर के मध्य में बसे मौलाना आजाद रोड के होली फैमिली कैथोलिक चर्च में सबसे अधिक संख्या में लोगों ने समारोहों में हिस्सा लिया।

भाषा

TAGS: A spirit of festivity, pervaded across the country, Christmas, क्रिसमस, गिरिजाघर, ईसा मसीह
OUTLOOK 25 December, 2016
Advertisement