Advertisement
11 July 2020

देश में कोरोना के 8 लाख से ज्यादा मरीज, 24 घंटे में पहली बार आए 27 हजार से ज्यादा नए मामले

पीटीआइ

कोरोना वायरस का संक्रमण देश भर में दिन पर दिन बढ़ता ही जा रहा है और अब यह आठ लाख का आंकड़ा पार कर चुका है। covid19india.org के मुताबिक, देश में कोरोना के अब तक 8,22,603 केस दर्ज हो चुके हैं जिनमें 5,16,206 लोग ठीक हो चुके हैं। हालांकि इनमें से 22,144 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में अभी 2,83,875 एक्टिव केस हैं। इसी तरह महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 7,862 केस दर्ज किए गए हैं, जिससे राज्य में कुल मामलों की संख्या 2,38,461 हो गई है। राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2,089 नए केस सामने आए जिससे यहां पर कुल केस 1,30,261 हो गए।

स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में अबतक 8 लाख 20 हजार 916 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 22,123 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि पांच लाख 15 हजार लोग ठीक भी हुए हैं। पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 27 हजार 114 नए मामले सामने आए और 519 मौतें हुईं।

महाराष्ट्र में 7,862 नए मामले, 226 लोगों की मौत

Advertisement

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामले एक बार फिर छह हजार से अधिक आए हैं। Covid19india.org के मुताबिक राज्य में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 7,862 नए मामले सामने आने के साथ कुल मरीजों की संख्या 2,38,461 पहुंच गई है। इसके साथ-साथ राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से 226 और लोगों की मौत हुई है, जिससे राज्य में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 9,893 हो चुका है।

वहीं, मुंबई में कोरोना वायरस के 1,337 नए मरीज सामने आने से शुक्रवार को कुल संख्या बढ़कर 90,461 हो गई। शहर में महामारी के कारण मरने वालों की संख्या 5,205 हो गई है। वहीं, कोरोना वायरस के 23,035 मरीजों का इलाज चल रहा है। अब तक 61,934 मरीज ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है।

पुणे में 1,838 नए मामले

महाराष्ट्र के पुणे जिले में 1,838 नए मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 35,232 पहुंच गई। कोरोना के कारण 37 और लोगों की मौत होने के बाद मृतकों की संख्या 1,026 हो गई।

तमिलनाडु में 1 लाख 30 हजार के पार मामले, 1,829 की मौत

तमिलनाडु में भी लगातार मरीजों की संख्या बढ़ रही है। राज्य में 3,680 नए मामले सामने आए हैं और अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की संख्या बढ़कर 1,30,261 हो गई है। राज्य में अब तक इस महामारी से 1,829 लोगों की मौत भी हो चुकी है। इसी तरह आंध्र प्रदेश में 1,608 नए केस मिले हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 25,422 पर पहुंच गया है। केरल में 416 नए मामलों के साथ मरीजों की संख्या 6,951 हो गई है।

राजधानी दिल्ली में 2,089 नए मामले

राजधानी दिल्ली में भी कोरोना केस कम होने का नाम नहीं ले रहा है और पिछले 24 घंटे में 2,089 मामले रिकॉर्ड हुए। इस तरह से दिल्ली में कोरोना के कुल मामले बढ़कर 1,09,140 हो गए हैं। दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 42 मरीजों की मौत भी हुई। इस तरह से दिल्ली में कुल मौत का आंकड़ा 3,300 तक पहुंच गया। हालांकि इस दौरान 2,468 लोग ठीक भी हुए। दिल्ली में अब तक कुल 84,694 लोग ठीक हो चुके हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, महाराष्ट्र, दिल्ली और तमिलनाडु शुरुआत से ही अतिसंवेदनशील हैं। महाराष्ट्र में पहले दिन से ही कोरोना का ग्राफ बढ़ रहा है। जबकि दिल्ली और तमिलनाडु में उतार-चढ़ाव देखने को मिले हैं। यही वजह है कि अप्रैल माह के पहले सप्ताह तक दिल्ली दूसरे स्थान पर थी। इसके बाद मई तक तमिलनाडु और उसके बाद फिर दिल्ली वापस आई थी। अब तमिलनाडु एक बार फिर दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।

गुजरात में 40 हजार से अधिक मामले, अब तक 2,023 मौतें

गुजरात में भी संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। राज्य में अब तक 40,155 संक्रमित पाए जा चुके हैं। शुक्रवार को 875 नए मामले सामने आए। राज्य में 14 नई मौत के साथ अब तक इस वायरस से 2,023 मरीजों की जान जा चुकी है। नए मामलों में अहमदाबाद में ही 165 केस मिले हैं और महानगर में मरीजों की संख्या बढ़कर 22,745 हो गई है। यहां अब तक 1,511 मरीजों की मौत हो चुकी है।

उत्‍तर प्रदेश में 1,338 नए मामले

आबादी के लिहाज से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में भी कोरोना महामारी पर रोक लगती नजर नहीं आ ही है। नए मामले लगातार बढ़ रहे हैं। राज्य में और 1,338 नए केस मिले हैं और मरीजों का आंकड़ा 33,700 पर पहुंच गया है। अब तक 889 लोगों की मौत भी हो चुकी है।

मध्य प्रदेश में 316 नए मामले

मध्य प्रदेश में 316 नए केस के साथ अब तक 16,657 संक्रमित मिल चुके हैं। राजस्थान में 611 केस मिले हैं। राज्य में अब तक 23,174 मरीज सामने आ चुके हैं। जबकि, ओडिशा में 755 नए मरीजों के साथ 11,956 मरीज संक्रमित पाए जा चुके हैं।

कोरोना प्रभावित देशों की सूची में भारत तीसरे स्थान पर

बता दें दुनिया भर में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों की सूची में भारत तीसरे स्थान पर आ गया है। इस सूची में 32 लाख 91 हजार से ज्यादा संक्रमितों के साथ अमेरिका पहले, ब्राजील (18 लाख 04 हजार से ज्यादा) दूसरे और भारत (8 लाख 22 हजार) तीसरे स्थान पर है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: कोरोना, देशभर, 8 लाख 22 हजार, महाराष्ट्र, 7 हजार, नए मामले, Corona, across the country, exceed, 8 lakh 22 thousand, 7 thousand new cases, Maharashtra
OUTLOOK 11 July, 2020
Advertisement