Advertisement
14 April 2022

कोरोना वायरस फिर बढ़ा रहा है टेंशन! आज भी 1 हजार से अधिक नए मामले आए सामने

देश में एक बार फिर कोरोना वायरस टेंशन बढ़ा रहा है। भारत में 24 घंटों में कोरोना के 1 हजार से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं। आज जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में कोरोना के 1007 मामले सामने आए हैं। नए मामले सामने आने के बाद देश में कोरोना पॉजिटिविटी रेट 0.23 हो गया है। वहीं, कोरोना संक्रमित पॉजिटिव मरीजों की संख्या 11,058 हो गई है। राहत की बात यह है कि पिछले 24 घंटों में कोरोना से 818 मरीज ठीक हुए हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा गुरुवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार, महाराष्ट्र में एक मरीज की मौत होने से संक्रमण से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 5,21,737 हो गई है। उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.03 प्रतिशत है, जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 98.76 प्रतिशत है। आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटों में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 188 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

मंत्रालय के अनुसार, दैनिक संक्रमण दर 0.23 प्रतिशत और साप्ताहिक संक्रमण दर 0.25 प्रतिशत आंकी गई है। वहीं, संक्रमण से उबरने वालों की संख्या बढ़कर 4,25,06,228 हो गई है, जबकि मृत्यु दर 1.21 प्रतिशत है।

Advertisement

देश में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना के 4,34,877 टेस्‍ट किए गए हैं। इसके साथ ही अब तक देश में कोरोना के 83.08 करोड़ टेस्‍ट हो चुके हैं। वहीं, देश में राष्‍ट्रव्‍यापी टीकाकरण अभियान के तहत देश में 186.22 करोड़ वैक्‍सीन की डोज लगाई जा चुकी है।

गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे।

देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ के पार हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 26 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार पहुंच गए थे।

TAGS: COVID-19, Corona Virus cases, Fresh Cases, Corona Virus in India
OUTLOOK 14 April, 2022
Advertisement