Advertisement
15 April 2021

कोरोना संकट के बीच इस खबर से ना रहे अनजान, जानिए; किन-किन राज्यों में लागू है नाइट कर्फ्यू और पार्शियल लॉकडाउन

Outlook

देश में पिछले 24 घंटे में कोविड 19 के 2,00,739 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,40,74,564 हुई। 1,038 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 1,73,123 हो गई है। वहीं देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 14,71,877 है और डिस्चार्ज हुए मामलों की कुल संख्या 1,24,29,564 है। एक बार फिर से कोरोना ने देश और आम जनता की मुश्किलें बढ़ा दी है। राज्यवार बढ़ते आंकड़ों को देखते हुए राज्य सरकारों ने पाबंदियां लगानी शुरू कर दी है। कई राज्यों ने नाइट कर्फ्यू, वीकेंड लॉकडाउन और पार्शियल लॉकडाउन लगा दिए हैं। 

घर से निकलने से पहले कोरोना प्रोटोकॉल को फॉलो करते हुए अपने राज्यों में लगी पाबंदियों को जान लें...

महाराष्ट्र

Advertisement

सबसे अधिक कोरोना संक्रमण से इस वक्त महाराष्ट्र प्रभावित है। उद्धव ठाकरे सरकार ने फुल लॉकडाउन से इतर पूरे महाराष्ट्र में अगले 15 दिनों के लिए कर्फ्यू लागू कर दिया है। इसमें सिर्फ जरूरी सामानों के आवाजाही की ही अनुमति है। राज्य में हर रोज 60,000 के करीब मामले दर्ज किए जा रहे हैं जबकि मरने वाले लोगों की संख्या भी सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में ही है। राज्य में धारा 144 लागू किया गया है। बीते दिनों सभी दलों की बैठक के बाद राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने ये फैसला लिया। ये नियम फिलहाल एक मई तक के लिए लागू रहेगा।

उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश राज्य भी कोरोना संक्रमण से प्रभावित है। आलम ये है कि कोविड संक्रमित मरीजों को राज्य के अस्पतालों में बेड और एंबुलेंस नहीं मिल पा रहा है। बढ़ते संक्रमण के खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने नाइट कर्फ्यू लागू कर रखा है। वहीं, राज्य के दस जिलों में लागू नाइट कर्फ्यू के समय में बढ़ोतरी कर दी गई है। दसवीं और बारहवीं के परीक्षा को भी फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।

दिल्ली

राजधानी दिल्ली कोरोना महामारी का एपीकसेंटर बना हुआ है। एहतियातन केजरीवाल सरकार ने पूरे राज्य में वीकेंड लॉकडाउन लागू कर दिया है। इस बीच सिर्फ जरूरी सामानों के आवाजाही की ही अनुमति होगी। पहले से नाइट कर्फ्यू लागू है जो जारी रहेगा। वीकेंड लॉकडाउन शुक्रवार की रात से लेकर सोमवार की सुबह तक लागू रहेगा।

पंजाब

पंजाब में भी मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। संक्रमण की वजह से मरने वालों की संख्या में भी लगातार इजाफा हो रहा है। ऐसे में कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार ने पूरे राज्य में नाइट कर्फ्यू का ऐलान कर रखा है, जो रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक लागू है।

राजस्थान

राजधानी जयपुर में सबसे अधिक मामले दर्ज हो रहे हैं। राजस्थान सरकार ने कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए पूरे राज्य में शाम छह बजे से सुबह पांच बजे तक के लिए नाइट कर्फ्यू लागू कर दिया है। राज्य सरकार द्वारा संशोधित किए गए दिशानिर्देशों के मुताबिक निजी कार्यालयों और बाजार को शाम 5 बजे तक बंद हो जाने को कहा गया हैं, जबकि सरकारी कार्यालय 30 अप्रैल तक शाम 4 बजे बंद होंगे।

गुजरात

गुजरात के चार शहर, सूरत, राजकोट, वडोदरा और अहमदाबाद में लागू नाइट कर्फ्यू को बढ़ा दिया गया है। शहरों में रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक के लिए पाबंदी लागू है।

ओडिशा

ओडिशा के दस शहरों में नाइट कर्फ्यू लागू किया गया है। सुंदरगढ़, बरगढ़, झारसुगुड़ा, संबलपुर, बलांगीर, नुआपाड़ा, कालाहांडी, मलकानगिरी, कोरापुट और नबरपुर जिलों में रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू लगाया गया है।

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Covid-19 Surge, List Of States, Imposed Night Curfew, Partial Lockdown, Punjab, Maharashtra, Delhi, UP, Gujarat, Odisha
OUTLOOK 15 April, 2021
Advertisement