Advertisement
04 July 2022

कोरोना वायरस के नए मामलों में उतार-चढ़ाव जारी, पिछले 24 घंटे में 16,135 केस दर्ज, 24 लोगों ने गंवाई जान

देश में कोरोना वायरस के नए मामलों में उतार-चढ़ाव जारी है। सोमवार की सुबह 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के 16,135 नए केस दर्ज किए गए हैं। इन 24 घंटे के दौरान कोरोना से 24 व्यक्तियों की मौत हो गई। इस दौरान 19,958 मरीज संक्रमण से मुक्त होकर स्वस्थ हो गए हैं। अब तक देश में कोविड संक्रमण के कुल 4,35,02,429 मामले आ चुके हैं। इनमें से 4,28,79,477 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी है।

देश में रविवार को कोरोना के 16,103 नए मामले सामने आए थे और इस दौरान 31 लोगों की मौत हुई थी। शनिवार को कोविड के 17,092 मामले सामने आए थे। भारत में फिलहाल 1,13,864 एक्टिव केस हैं जो कि कुल मामलों के 0.26 प्रतिशत हैं। मौजूदा रिकवरी रेट 0.26 प्रतिशत है। देश में दैनिक पॉजिटिविटी रेट 4.85 फीसदी है और साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट 3.74 प्रतिशत है।

देश में पिछले 24 घंटों के दौरान 3,32,978 कोविड टेस्ट किए गए। इसके साथ अब तक हुए कुल टेस्टों की संख्या 86.39 करोड़ हो गई है। कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए देश भर पिछले 24 घंटे में 1,78,383 वैक्सीनेशन डोज लगाई गईं। अब तक कुल 1,97,98,21,197 वैक्सीन डोज लगाई जा चुकी हैं।

Advertisement

सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 79,85,296 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,47,940 लोगों की मौत हुई है। दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में 66,53,272 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 70,048 मरीजों की मौत हुई है।

39,72,285 मामलों और 40,077 मौतों के साथ कर्नाटक और 34,82,775 मामलों और 38,026 मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।

देश के दैनिक मामलों में उछाल महाराष्ट्र, तमिलनाडु और केरल में संक्रमण में वृद्धि के कारण देखा जा रहा है। महाराष्ट्र में दैनिक मामलों की तेजी कम हुई है। बीते दिन यहां 2,962 नए मामले सामने आए और छह मरीजों की मौत हुई।

इसी तरह तमिलनाडु में बीते दिन 2,672 नए मामले पकड़ में आए, वहीं केरल में 3,322 नए लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया। कर्नाटक 826 नए मामले सामने आए।

वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो देश में अब तक वैक्सीन की 1,97,98,21,197 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते दिन 1,78,383 खुराकें लगाई गईं। देश में 12 साल से अधिक उम्र के बच्चों और वयस्कों को वैक्सीन लगाई जा रही है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Covid19, Corona Virus, Corona Virus In India, Corona Virus Updates
OUTLOOK 04 July, 2022
Advertisement