Advertisement
18 August 2019

घाटी के 50 थाना क्षेत्रों में प्रतिबंधों में राहत लेकिन जम्मू में इंटरनेट सेवा फिर बंद

घाटी के 50 थाना क्षेत्रों में प्रतिबंधों में राहत दी गई है। हालांकि श्रीनगर के कुछ क्षेत्रों में हिंसा की छिटपुट घटनाएं होने के बाद पाबंदियां दोबारा लागू की गई हैं। जम्मू क्षेत्र के पांच जिलों में एक दिन बाद दोबारा इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं।

हज यात्रियों की वापसी के लिए इंतजाम

कश्मीर के 300 हज यात्रियों के पहले दस्ते की सऊदी अरब से वापसी के साथ ही अधिकारियों ने उनके लिए समुचित इंतजाम किए हैं ताकि राज्य के हज यात्रियों को वापस घर पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो।

Advertisement

कल से खुलेंगे 190 सरकारी स्कूल

सरकारी प्रवक्ता रोहित कंसल ने संवाददाताओं को बताया कि प्रतिबंधों में राहत देने का क्रम जारी है। अब 50 थाना क्षेत्रों में प्रतिबंधों से राहत दी गई है जबकि शनिवार को 35 क्षेत्रों में ही राहत दी गई थी। कंसल ने बताया कि सोमवार से नया सप्ताह शुरू हो रहा है। हम नए सप्ताह में नई उम्मीद देख रहे हैं। सिर्फ श्रीनगर के 190 से ज्यादा प्राइमरी स्कूल सोमवार से खुल जाएंगे। इसके बाद हम दूसरे क्षेत्रों में भी हम विकास संबंधी गतिविधियां शुरू होने की उम्मीद करते हैं।

राहत की अवधि बढ़ाई

कंसल ने बताया कि प्रतिबंधों में रियायत की अवधि की छह घंटों से बढ़ाकर आठ घंटे की गई है। राहत की घोषणा इस तरह की जा रही है ताकि दुकानदार और अन्य लोग पहले से अपनी तैयारी कर सकें। शनिवार को मिले रेस्पांस को देखते हुए रियायत की अवधि बढ़ाई गई है।

श्रीनगर में कुछ स्थानों पर गड़बड़ी

सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि कुछ शरारती तत्वों द्वारा कुछ क्षेत्रों में दुकानदारों के साथ गुंडागर्दी किए जाने और दुकानें बंद कराए जाने की घटनाएं हुईं। दो-तीन स्थानों पर अप्रिय घटनाएं हुईं। इनमें दो लोग मामूली तौर पर घायल हो गए। उनकी स्थिति स्थिर है। इन घटनाओं पर स्थानीय सुरक्षा बल आवश्यक कदम उठा रहा है।

घायलों की संख्या स्पष्ट नहीं

इससे पहले अधिकारियों ने कहा था श्रीनगर के कुछ हिस्सों में हिंसा की घटनाएं होने के बाद कुछ हिस्सों में दोबारा प्रतिबंध लगा दिए गए। अधिकारियों के अनुसार शनिवार को ढील दिए जाने के बाद दर्जन भर स्थानों पर प्रदर्शन हुए जिनमें कई प्रदर्शनकारी घायल हुए। हालांकि घायलों की सही संख्या अधिकारियों ने नहीं बताई। शनिवार को कंसल ने छह स्थानों पर प्रदर्शन होने और आठ लोगों के घायल की जानकारी दी थी।

लैंडलाइन फोन सेवा जल्द से जल्द चालू होगी

मोबाइल फोन सेवा घाटी में दोबारा चालू करने के सवाल पर कंसल ने कहा कि संचार माध्यमों पर लगे प्रतिबंधों में ढील लगातार बढ़ाई जा रही है। लैंडलाइन टेलीफोन सेवाएं जल्द से जल्द पूरी तरह शुरू करने की कोशिश की जा रही है।

इन जिलों में फिर रोकी इंटरनेट सेवा

जम्मू में 2जी मोबाइल इंटरनेट सेवा (धीमी स्पीड) पांच जिलों में दोबारा रोक दी गई ताकि अफवाहें न फैलें। यह सेवा शनिवार को ही चालू की गई थी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अधिकारियों ने कंपनियों को दोपहर में सेवाएं बंद करने के निर्देश दिए। अधिकारियों के अनुसार अफवाहें फैलने से रोकने और शांति बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया। इंटरनेट सवाएं जम्मू, सांबा, कठुआ, ऊधमपुर रियासी में रोकी गई हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Kashmir Valley, Jammu, mobile Internet, Haj pilgrims, Srinagar
OUTLOOK 18 August, 2019
Advertisement