Advertisement
27 November 2020

किसानों को मिली दिल्ली में एंट्री की इजाजत, निरंकारी समागम मैदान बनेगा 'जंतर-मंतर'

प्रदर्शनकारी किसानों को राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी। उन्हें बुराड़ी इलाके में निरंकारी समागम मैदान में विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति होगी। शुक्रवार को ये जानकारी दिल्ली पुलिस आयुक्त ने दी है। गुरुवार को किसानों का जत्था पंजाब से दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। इस दौरान कई जगहों पर पुलिस और किसानों के बीच हिंसक झड़प हुई। किसानों को रोकने के लिए हरियाणा बॉर्डर पर पुलिस ने बल प्रयोग किए। वहीं, सर्द मौसम में भी इन पर वाटर कैनन का इस्तेमाल करते हुए पानी की बौछार की गई। किसान नए कृषि कानून के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं और वो दिल्ली आ रहे हैं। आखिरकार किसानों के आगे पुलिस-सरकार को झुकना पड़ा है।

दिल्ली पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी ईश सिंघल ने कहा है कि किसान नेताओं से बातचीत के बाद दिल्ली पुलिस ने उनको शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अनुमति दे दी है, इसके लिए बुराड़ी के निरंकारी ग्राउंड को निर्धारित किया गया है। उनसे (किसानों) ये अपील है कि वो शांति बनाए रखें।

इससे पहले किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार से 9 स्टेडियमों को अस्थायी जेलों में तब्दील करने की अनुमति मांगी थी, जिसे केजरीवाल सरकार ने खारिज कर दिया। दिल्ली सरकार ने कहा कि किसानों की मांग जायज है। इसलिए दिल्ली पुलिस की मांग को राज्य सरकार नामंजूर करती है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Farmers, Delhi, Burari Ground, Nirankari Samagam Ground, New Farms Act, बुराड़ी ग्राउंड, निरंकारी समागम, केजरीवाल, नए कृषि कानून के खिलाफ प्रदर्शन
OUTLOOK 27 November, 2020
Advertisement