Advertisement
27 July 2020

राफेल लड़ाकू विमान की पहली खेप के पांच जहाज फ्रांस से भारत के लिये रवाना

राफेल लड़ाकू विमान

राफेल लड़ाकू विमानों की पहली खेप के 5 जहाज सोमवार को फ्रांस से भारत के लिये रवाना हो गए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।इन विमानों के बुधवार को अंबाला वायुसेना स्टेशन पहुंचने की उम्मीद है।

भारत ने वायुसेना के लिये 36 राफेल विमान खरीदने के लिये 4 साल पहले फ्रांस के साथ 59 हजार करोड़ रुपये का अनुबंध किया था।

वायुसेना के बेड़े में राफेल के शामिल होने से उसकी युद्ध क्षमता में अहम वृद्धि होने की उम्मीद है। भारत को यह लड़ाकू विमान ऐसे वक़्त में मिले हैं, जब उसका पूर्वी लद्दाख में सीमा के मुद्दे पर चीन के साथ गतिरोध चल रहा है।

Advertisement

फ्रांस में भारत के राजदूत जावेद अशरफ ने विमानों के फ्रांस से उड़ान भरने से पहले भारतीय वायुसेना के पायलटों से बातचीत की।

पेरिस में स्थित भारतीय दूतावास ने ट्वीट किया, 'यात्रा मंगलमय हो: फ्रांस में भारतीय राजदूत ने राफेल के भारतीय पायलटों से बातचीत कर उन्हें बधाई दी। साथ ही उन्हें सुरक्षित भारत पहुंचने के लिये शुभकामनाएं भी दीं।'

इन 5 राफेल लड़ाकू विमानों को बुधवार दोपहर वायुसेना में शामिल किये जाने की उम्मीद है। हालांकि, वायुसेना के एक प्रवक्ता ने कहा कि इन्हें बल में शामिल करने को लेकर औपचारिक समारोह का आयोजन अगस्त के मध्य में किया जाएगा।

 

TAGS: राफेल लड़ाकू विमान, राफेल, फ्रांस, भारत, Rafale jets, France, India, Rafale
OUTLOOK 27 July, 2020
Advertisement