Advertisement
05 April 2016

धूमधाम से शुरू हुई गतिमान एक्सप्रेस की पहली यात्रा

गूगल

अधिकतम 160 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली गतिमान एक्सप्रेस के निजामुद्दीन स्टेशन से रवाना होने से पहले स्टेशन पर मधुर संगीत बजाया गया। इस मौके पर रेल मंत्री प्रभु ने कहा, हमारे लिए यह खुशी का मौका है क्योंकि पहली सेमी-हाई स्पीड ट्रेन गतिमान आज से शुरू हो रही है। अपने रफ्तार अभियान के तहत हम सभी ट्रेनों की गति बढ़ाना चाहते हैं, फिर चाहे वे सामान्य ट्रेनें हों या एक्सप्रेस ट्रेनें। गहरे नीले और स्लेटी रंग से पेंट की गई इस ट्रेन में बीच में पीले रंग की एक पट्टी भी है। यह पहली ऐसी ट्रेन है, जिसमें ट्रेन होस्टेस यात्रियों का स्वागत करती हैं। ट्रेन में भारतीय और कॉन्टिनेंटल भोजन उपलब्ध है। इस ट्रेन में दो एग्जीक्यूटिव एसी चेयर कार और आठ एसी चेयर कार डिब्बे हैं। ट्रेन में बेहद शक्तिशाली आपात ब्रेक प्रणाली, स्वचालित फायर अलार्म, जीपीएस आधारित यात्री सूचना प्रणाली और डिब्बों में स्लाइड करने वाले दरवाजे हैं। सफर के दौरान झटके कम करने के लिए डिब्बों में संतुलित ड्राफ्ट गियर कपलर्स लगाए गए हैं।

 

गतिमान एक्सप्रेस में यात्रियों को दी जाने वाली सेवाओं का स्तर बेहतर है। बेहतर केटरिंग सेवा, डिब्बों के अंदर की बेहतर सज्जा, चौड़ी खिड़कियां, बायो टॉयलेट के अलावा ट्रेन में मिलने वाली मल्टीमीडिया सेवाएं यात्रियों को दिल्ली और आगरा के बीच के सफर में फिल्में, खबरें और कार्टून देखने की सुविधा उपलब्ध करवाती हैं। ट्रेन के डिब्बो में आगरा के अंदर और आसपास के पर्यटन स्थलों की तस्वीरें लगी हैं। डिब्बे में लगे हॉटस्पॉट उपकरणों की मदद से यात्री बिना कोई शुल्क भरे अपने स्मार्टफोन, टैबलेट और लैपटॉप पर मल्टीमीडिया सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। हालांकि इन सेवाओं के चलते इस ट्रेन का किराया इसी दूरी के लिए शताब्दी के किराए से ज्यादा है। एसी चेयर कार का किराया 750 रूपए है जबकि एग्जीक्यूटिव एसी चेयर कार का 1500 रूपए है। शताब्दी एक्सप्रेस में चेयर कार का किराया 540 रूपए है जबकि एग्जिक्यूटिव क्लास के लिए यह किराया 1040 रूपए है। इस ट्रेन में कोई रियायत भी लागू नहीं मिलेगी। ट्रेन संख्या 12050 निजामुद्दीन-आगरा-निजामुद्दीन गतिमान एक्सप्रेस एक सप्ताह में शुक्रवार को छोड़कर हर दिन दोनों ही दिशाओं में चलेगी।

Advertisement

 

गतिमान एक्सप्रेस निजामुद्दीन से सुबह आठ बजकर 10 मिनट पर चलेगी और सुबह नौ बजकर 50 मिनट पर आगरा पहुंचेगी। वापसी में यह आगरा से पांच बजकर 50 मिनट पर चलेगी और साढ़े सात बजे निजामुद्दीन पहुंचेगी। ट्रेन से जुड़ी पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए आईआरसीटीसी ने गतिमान एक्सप्रेस की समय सारणी के हिसाब से पर्यटकों के लिए टूर पैकेज भी तय किए हैं, जिनमें बस सेवा, पर्यटन स्थलों को देखना और आगरा में दोपहर का भोजन शामिल है। रेलवे की योजना ऐसी ट्रेनों को नौ अन्य मार्गों पर भी चलाने की है। इनमें कानपुर-दिल्ली, चंडीगढ़-दिल्ली, हैदराबाद-चेन्नई, नागपुर-बिलासपुर, गोवा-मुंबई और नागपुर-सिकंदराबाद शामिल हैं।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: देश, तेज गति की ट्रेन, नए दौर की शुरूआत, रेल मंत्री, सुरेश प्रभु, गतिमान एक्सप्रेस, हरी झंडी, दिल्ली, आगरा, ट्रेन होस्टेस, यात्री, स्वागत, गुलाब का फूल, कॉन्टिनेंटल भोजन, एग्जीक्यूटिव एसी चेयर कार, शक्तिशाली आपात ब्रेक प्रणाली, स्वचालित फायर अलार्म, जीपीएस, ड्राफ्ट गि
OUTLOOK 05 April, 2016
Advertisement