Advertisement
28 March 2016

भारतीय साइंस पोर्टल लाने की तैयारी में सरकार

भारतीय साइंस पोर्टल लाने की तैयारी में सरकार | गुगल

देश भर में विज्ञान की खबरों और वैज्ञानिक चिंतन का प्रचार-प्रसार के लिए भारतीय साइंस पोर्टल लाने की तैयारी हो रही है। इसके लिए केंद्र सरकार के विज्ञान एंव प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत आने वाले विज्ञान प्रसार ने मसौदा बनाने का काम शुरू कर दिया है। इसके तहत कोशिश यह की जाएगी कि भारत में चल रहे वैज्ञानिक शोधों और अकादमिक सफलताओं को बेहतर ढंग से आम जनता तक पहुंचाया जाए।

इस साइंस पोर्टल को तैयार करने से पहले इस दिशा में अब तक के प्रयोगों की समीक्षा के साथ-साथ नए विचारों और स्वरूपों को खंगाला जा रहा है। इसमें वैज्ञानिकों का मानना है कि अक्सर विज्ञान पर जो अधिकांश लेख लिखे जा रहे हैं, वे विदेशी शोधों और विदेशी वैज्ञानिकों पर केंद्रित होते हैं। जबकि कई बार इन मुद्दों पर भारत में ज्यादा बेहतर और मौलिक काम होता है। दिक्कत यह आती है कि भारतीय वैज्ञानिकों के काम को सही और तर्कसंगत ढंग से मीडिया तक पहुंचाने की कोई प्रक्रिया ही ईजाद नहीं की गई है। इस दूरी को कम करने का काम यह साइंस पोर्टल करेगा।

इस पोर्टल के तहत विज्ञान से संबंधित खबरों और फीचर को सहज-सरल भाषा में मीडिया तक पहुंचाने का काम किया जाएगा। इसमें वैज्ञानिक संगोष्ठियों में पेश किए जाने वाले ज्ञानवर्धक पर्चों और भारतीय वैज्ञानिक पत्रिकाओं में प्रकाशित शोधों को भी सामान्य पाठक तक पहुंचाने की योजना बन रही है। इस पोर्टल का जोर देश की लैबोरेटरीज (डीएसटी, डीबीटी, आईआईएस, आईआईटी आदि) में चल रहे प्रयोगों और उनकी उपलब्धियों को देश के सामने लाने का होगा। शुरुआत में इसे हिंदी और अंग्रेजी दोनों में शुरू करने की तैयारी हो रही है। इसके जरिए प्रिंट, इलेट्रॉनिक, डिजीटल प्लेटफॉर्म में जानकारी भेजने की योजना बन रही है।  

TAGS: indian science portal, indian scientist, media, news, feature, lab, विदेशी शोधों
OUTLOOK 28 March, 2016
Advertisement