Advertisement
18 October 2019

लखनऊ में हिन्दू समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश तिवारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या

उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ में दो बदमाशों ने दिनदहाड़े हिन्दू समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश तिवारी की गोली मारकर हत्या कर दी। इससे गुस्साए लोगों ने खुर्शीदाबाग और नाका हिंडोला क्षेत्र में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और वाहनों में तोड़फोड़ भी की। मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने क्राईम ब्रांच सहित अन्य टीमों को लगाया है। हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

नाका के खुर्शीदाबाग निवासी कमलेश तिवारी की दोपहर कार्यालय पर आए दो बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाश कमलेश के परिचित थे और उन्होंने करीब 36 मिनट तक आपस में बातचीत की। इस दौरान दही बड़ा खाए और चाय पी। एकमात्र चश्मदीद नौकर को बदमाशों ने सिगरेट लाने के लिए भेजा। इसके बाद कमलेश तिवारी ने नौकर को मसाला लाने के लिए भेजा और जब तक नौकर आता, तब तक वह हत्या कर फरार हो गए। आनन-फानन में परिवारीजनों ने उन्हें ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस टीम सेलफोन की डिटेल खंगालने के साथ सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश में जुटी है। दो लोगों ने पहले कमरे में चाय पी फिर मिठाई के डिब्बे से कट्टा निकालकर फायर किया।

Advertisement

सीसीटीवी फुटेज सहित कई सुराग मिले

डीआईजी लॉ एंड आर्डर विजय भूषण ने ‘आउटलुक’ को बताया कि पुलिस घटना का पर्दाफाश 24 घंटे में कर देगी। सीसीटीवी फुटेज सहित कई सुराग मिले हैं। मामले में अभी तक पांच लोगों के नाम प्रकाश में आए हैं। प्रथम दृष्टया आरोपी बदमाश कमलेश तिवारी के परिचित लग रहे हैं। कुछ मामलों में कमलेश तिवारी के खिलाफ भी मुकदमे हैं। पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

…तो शादी के विवाद को लेकर हुई हत्या

कमलेश तिवारी के नौकर स्वराष्ट्रजीत सिंह ने बताया कि शादी के विवाद को लेकर कमलेश की हत्या हुई। मुस्लिम लड़की और हिंदू लड़के की शादी को लेकर दोनों लोगों में चर्चा चल रही थी। स्वराष्ट्रजीत सिंह ने दही बड़ा और चाय देने के बाद दोनों की बातें सुनीं थीं।

उत्तर प्रदेश में जंगलराज, इस्तीफा देकर गोरखपुर जाएं मुख्यमंत्री:अजय कुमार लल्लू
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि योगी आदित्यनाथ की सरकार को सुप्रीम कोर्ट ने भी जंगलराज करार दे दिया है। अब नैतिकता के आधार पर मुख्यमंत्री को इस्तीफा देकर गोरखपुर चले जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ की सरकार में लगातार हत्या, बलात्कार, लूट और डकैती जैसे संगीन अपराध बढ़े हैं। सरकार यह सारे आंकड़े छुपा रही है, पर वह जनता की नजर से बच नहीं सकती, जनता सब देख रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की पूरी कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। अब तो देश की सबसे बड़ी अदालत ने भी प्रदेश में जंगलराज की पुष्टि कर दी है। सूबे के मुखिया को तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे देना चाहिए। 

प्रदेश में हर तरफ अराजकता: अखिलेश

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा है कि आज स्थिति यह है कि प्रदेश में कानून का राज नहीं है, हर तरफ अराजकता व्याप्त है। राजधानी लखनऊ में दिनदहाड़े हत्या हो रही है। पुलिस मुख्यमंत्री जी के ठोको निर्देश का पालन करते हुए निर्दोषों को ठोक रही है। जनता को मौका मिलता है, तो वह पुलिस को ठोक देती है। लोग दहशत में जी रहे हैं। भाजपा सरकार के अब तक के कार्यकलाप की पूरी जांच होनी चहिए, जनता के सामने उसके चाल चरित्र और चेहरे का सच तब सामने आ जायेगा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Hindu Samaj Party, chief, Kamlesh Tiwari, shot dead, Lucknow
OUTLOOK 18 October, 2019
Advertisement