Advertisement
25 December 2016

हिमाचल, उत्तराखंड में मौसम की पहली बर्फबारी

गूगल

जम्मू कश्मीर में सूखी ठंड का मौसम रहा और इस राज्य के ज्यादातर इलाकों में तापमान शून्य से नीचे चला गया, जबकि हरियाणा और पंजाब में बारिश से पारा नीचे आया।

हिमाचल प्रदेश में, शिमला और आसपास के इलाकों में बर्फबारी हुई, जबकि पर्यटन क्षेत्र कुफ्री, फागू और नरकंडा में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। हिमाचल में पच्चीस साल बाद पहली बार क्रिसमस के दिन बर्फबारी हुई है।

किन्नौर जिले के कल्पा में 7 सेमी बर्फ गिरी, जबकि कुफ्री और नरकंडा में क्रमश: 2 सेमी और 5 सेमी बर्फ गिरी। वहीं शिमला में एक सेमी बारिश हुई। जबकि सोलन, कांगड़ा और धर्मशाला में क्रमश: 6 मिमी, 2 मिमी और 5 मिमी बारिश हुई।

Advertisement

उत्तराखंड में आज क्रिसमस के मौके पर इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई। वहीं निचले इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई जिससे पूरे राज्य में तापमान तेजी से गिरा।

उत्तराखंड में समुद्र तल से करीब 3,000 मीटर ऊपर स्थित चमोली, रद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जिलों में इस मौसम की पहली बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि हरिद्वार, उधम सिंह नगर सहित मैदानी इलाकों में शीतलहर और हल्की बूंदाबांदी हुई। बद्रीनाथ और केदारनाथ में भी बर्फबारी दर्ज की गई।

 

मौसम कार्यालय के निदेशक विक्रम सिंह ने कहा कि यमुनोत्री, गंगोत्री, हरकीदूत, राडी और बौख डिब्बा में भारी बर्फबारी दर्ज की गई।

दिल्ली में दोपहर तक धुंध छाई रही और न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो कल 24 डिग्री सेल्सियस था। कोहरे के चलते 80 ट्रेनें विलंब से चल रही हैं, जबकि 20 ट्रेनों का समय बदला गया है।

पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में बारिश हुई। हरियाणा में न्यूनतम तापमान नारनौल का रहा। इस जिले में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पंजाब में अमृतसर का न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

यूपी में घने कोहरे के चलते भदोही जिले में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में सात लोग मारे गए और 14 अन्य घायल हुए।

भाषा

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Himachal Pradesh, Uttarakhand, season's first snowfall, Uttar Pradesh
OUTLOOK 25 December, 2016
Advertisement