Advertisement
24 January 2017

आईआईएम अब अपने छात्रों को डिग्री प्रदान कर सकेंगे

आईआईएम अब अपने छात्रों को डिग्री प्रदान कर सकेंगे | google

कैबिनेट द्वारा विधेयक को मंजूरी देने के साथ ही आगामी बजट सत्र में इसे संसद में पेश किए जाने की संभावना है। एक सरकारी बयान के मुताबिक आईआईएम अब अपने छात्रों को डिग्री दे सकेंगे।

सोसायटी होने के कारण प्रतिष्ठित आईआईएम वर्तमान में डिग्री देने को अधिकृत नहीं हैं और प्रबंधन में परास्नातक डिप्लोमा और फेलो प्रोग्राम की डिग्री देते हैं।

हालांकि इन पाठ्यक्रमों को क्रमश: एमबीए और पीएचडी के बराबर माना जाता है लेकिन समानता वैश्विक रूप से स्वीकार्य नहीं है खासकर फेलो प्रोग्राम के लिए।

Advertisement

बयान में कहा गया है कि विधेयक में संस्थानों को पूर्ण स्वायत्ता दी गई है जिसमें पर्याप्त जवाबदेही भी होगी। विधेयक में जिस ढांचे का प्रस्ताव है उसमें इन संस्थानों का प्रबंधन बोर्ड से संचालित होगा जहां संस्थान के अध्यक्ष और निदेशक बोर्ड द्वारा चुने जाएंगे।

बयान में कहा गया है कि बोर्ड में विशेषज्ञों और पूर्ववर्ती विद्यार्थियों की ज्यादा भागीदारी होगी।

कैबिनेट के निर्णय की घोषणा के तुरंत बाद मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने ट्वीट किया कि आईआईएम को वास्तविक स्वायत्ता देना और डिग्री देने की मंजूरी देना ऐतिहासिक निर्णय है।

मंत्री ने कहा कि यह उच्च शिक्षा के लिए नरेन्द्र मोदी सरकार की दूरदृष्टि को दर्शाता है। विधेयक में एक प्रावधान यह भी है कि बोर्ड में महिलाओं और अनुसूचित जाति और जनजाति के सदस्यों को शामिल किया जाए। भाषा

     

TAGS: आईआईएम, छात्र, डिग्री, संस्‍थान, कैबिनेट, iim, cabinet, student, degree, student
OUTLOOK 24 January, 2017
Advertisement