Advertisement
03 July 2020

देश भर में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 20,903 नए मामले, 379 लोगों की मौत

पीटीआइ

देश में कोरोना वायरस का संक्रमण दिन पर दिन बढ़ता ही जा रहा है और अब यह आंकड़ा 6 लाख 27 हजार को भी पार कर गया। covid19india.org के मुताबिक, देश में कोरोना के अब तक 6,27,168 केस दर्ज हो चुके हैं जिनमें 3,79,902 लोग ठीक हो चुके हैं। हालांकि इनमें से 18,225 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में अभी 2,28,975 एक्टिव केस हैं। इसी तरह राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2,373 नए केस सामने आए जिससे यहां पर कुल केस 92,175 हो गए। वहीं, महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 6,328 केस दर्ज किए गए हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 20,903 नए मामले सामने आए हैं और 379 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देश भर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 6,25,544 हो गई है, जिनमें से 2,27,439 सक्रिय मामले हैं, 3,79,892 लोग ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और अब तक 18,213 लोगों की मौत हो चुकी है।

राजधानी दिल्ली में 2,864 लोगों की मौत

Advertisement

राजधानी दिल्ली में भी कोरोना केस कम होने का नाम नहीं ले रहा है और पिछले 24 घंटे में 2,373 मामले रिकॉर्ड हुए। इस तरह से दिल्ली में कोरोना के कुल मामले बढ़कर 92,175 हो गए हैं। दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 61 मरीजों की मौत भी हुई। इस तरह से दिल्ली में कुल मौत का आंकड़ा 2,864 तक पहुंच गया। हालांकि इस दौरान 3,015 लोग ठीक भी हुए। फिलहाल दिल्ली में अब तक 63,007 लोग ठीक हो चुके हैं।

 महाराष्ट्र में 6,328 नए मामले, 125 लोगों की मौत

 महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामले एक बार फिर पांच हजार से अधिक आए हैं। राज्य में गुरुवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 6,328 नए मामले सामने आने के साथ कुल मरीजों की संख्या 1,86,626 पहुंच गई है। इसके साथ-साथ राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से 125 और लोगों की मौत हुई है। वहीं, मुंबई में कोरोना वायरस के 1,554 नए मरीज सामने आने से गुरुवार को कुल संख्या बढ़कर 80,699 हो गई, जिसमें 25,311 एक्टिव केस हैं, 50,691 स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, अब तक 4,689 लोगों की मौत हो चुकी है।

पुणे में 1,115 नए मामले

महाराष्ट्र के पुणे जिले में सर्वाधिक 1,115 नए मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 24,432 पहुंच गई। कोरोना के कारण 24 और लोगों की मौत होने के बाद मृतक संख्या 807 हो गई। 

तमिलनाडु में 98 हजार से ज्यादा मरीज, 1,321 की मौत 

तमिलनाडु में भी लगातार मरीजों की संख्या बढ़ रही है। राज्य में और 4,343 नए मामले सामने आए हैं और अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की संख्या बढ़कर 98,392 हो गई है। राज्य में अब तक इस महामारी से 1,321 लोगों की मौत भी हो चुकी है। इसी तरह आंध्र प्रदेश में 845 नए केस मिले हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 16,097 पर पहुंच गया है। केरल में 160 नए मामलों के साथ मरीजों की संख्या 4,754 हो गई है।

 स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, महाराष्ट्र, दिल्ली और तमिलनाडु शुरुआत से ही अतिसंवेदनशील हैं। महाराष्ट्र में पहले दिन से ही कोरोना का ग्राफ बढ़ रहा है। जबकि दिल्ली और तमिलनाडु में उतार-चढ़ाव देखने को मिले हैं। यही वजह है कि अप्रैल माह के पहले सप्ताह तक दिल्ली दूसरे स्थान पर थी। इसके बाद मई तक तमिलनाडु और उसके बाद फिर दिल्ली वापस आई थी। अब तमिलनाडु एक बार फिर दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। 

गुजरात में मामले 34 हजार के करीब, अब तक 1,887 मौतें

 गुजरात में भी संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। राज्य में अब तक 33,999 संक्रमित पाए जा चुके हैं। गुरुवार को 681 नए मामले सामने आए। अब तक राज्य में 1,887 मरीजों की जान भी जा चुकी है। नए मामलों में अहमदाबाद में ही 211 केस मिले हैं और महानगर में मरीजों की संख्या बढ़कर 21,339 हो गई है। यहां अब तक 1,456 मरीजों की मौत हो चुकी है।

उत्‍तर प्रदेश में 769 नए मामले 

आबादी के लिहाज से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में भी कोरोना महामारी पर रोक लगती नजर नहीं आ ही है। नए मामले लगातार बढ़ रहे हैं। राज्य में और 769 नए केस मिले हैं और मरीजों का आंकड़ा 24,825 पर पहुंच गया है। अब तक 735 लोगों की मौत भी हो चुकी है।

मध्य प्रदेश में 245 नए केस के साथ अब तक 14,106 संक्रमित मिल चुके हैं। राजस्थान में 350 केस और मिले हैं। राज्य में अब तक 18,662 मरीज सामने आ चुके हैं। जबकि, ओडिशा में 229 ए मरीजों के साथ 7,545 मरीज संक्रमित पाए जा चुके हैं। 

कोरोना प्रभावित देशों की सूची में भारत चौथे स्थान पर 

बता दें, दुनिया भर में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों की सूची में भारत चौथे स्थान पर है। इस सूची में 26 लाख 34 हजार से ज्यादा संक्रमितों के साथ अमेरिका पहले, ब्राजील (14 लाख से ज्यादा) दूसरे और रूस (6 लाख 46 हजार) तीसरे स्थान पर है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Number, corona infected, across the country, crossed 6 lakh 27 thousand, 18225 died
OUTLOOK 03 July, 2020
Advertisement